
भूमि विवाद में खूनी संघर्ष, मुखिया पति दबंग कुमौदी यादव को पीट कर किया अधमरा
रंगरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर बैसी स्थित बनकट्टा के पास मारपीट साथ गए अंगरक्षक सहित
नवगछिया, निज संवाददाता। रंगरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर बैसी स्थित बनकट्टा के पास शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में बनिया बैसी पंचायत की मुखिया गुड़िया देवी के पति दबंग कुमोदी यादव समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुमोदी यादव के सिर में गंभीर चोट लगी है। इसके अलावा साथ गए मुद्रिका यादव, जगरूप सिंह और धनंजय यादव को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया हैं। कुमौदी यादव के साथ गए दोनों अंगरक्षकों का हथियार भी छीन लिया गया है। घटना के बाद अफरातफरी के बीच सभी को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया गया।

अनुमंडल अस्पताल में उपाधीक्षक पिंकेश कुमार और डॉ. कुंदन कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि कुमोदी यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसके सिर में लोहे के रड से वार किया गया है। बताया गया कि मुखिया पति कुमोदी यादव ने नगरह निवासी शहजानंद सिंह से चार बीघा जमीन पांच लाख रुपये प्रति बीघा की दर से रजिस्ट्री कराई थी। जबकि उक्त जमीन समेत कुल 20 बीघा जमीन पर जहांगीरपुर बैसी नवटोलिया के जगदेव राय लंबे समय से बटाईदार के रूप में खेती करते रहे हैं। इसी जमीन की जोताई को लेकर पिछले दो दिनों से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। मामले को लेकर कुमोदी यादव ने पहले ही रंगरा थाना में जगदेव राय सहित 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। शुक्रवार को कुमोदी यादव अपने दो गनरों के साथ जमीन जोतवाने पहुंचे। इसी दौरान जगदेव राय और उनके परिजनों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। आरोप है कि भीड़ ने दो गनरों की राइफल भी छीनने की कोशिश की। कुमोदी यादव के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एसडीपीओ ओम प्रकाश, नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर और रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार भी अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन जारी है। इस संबंध में रंगरा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्व बंधु ने कहा कि दोनों पक्षों में जमीन विवाद में मारपीट की घटना घटी है हथियार छीनने की बात कही जा रही है जिसकी जांच की जा रही है। खूनी संघर्ष की आशंका से सहमे लोग लगभग आधे दर्जन से अधिक हत्याकांड के आरोपी रहे कुमोदी यादव के साथ मारपीट की घटना से कोसी दियारा अशांत हो सकता है। खूनी संघर्ष की घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है। घटना के बाद लोग डरे सहमे है और अंजान आशंका से सहमे हुए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


