लखीसराय : बाजार समिति स्थित सीएमआर गोदाम में महिला शौचालय नहीं

Jan 14, 2026 05:38 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय के बाजार समिति के पास 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले सीएमआर गोदाम में महिलाओं के लिए शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था नहीं है। महिला कर्मियों को कार्यस्थल पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है और जल्द ही उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

लखीसराय : बाजार समिति स्थित सीएमआर गोदाम में महिला शौचालय नहीं

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शहर के बाजार समिति के पास बने 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) गोदाम में बुनियादी सुविधाओं का अभाव सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े गोदाम में महिलाओं के लिए शौचालय और बाथरूम की कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि वहां दो-दो महिला पदाधिकारी प्रतिनियुक्त हैं। इस कारण महिला कर्मियों को रोजमर्रा की ड्यूटी के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि गोदाम के उद्घाटन के समय ही प्रतिनियुक्त जिला अधिकारी से महिलाओं के लिए शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था कराने की मांग रखी गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

वर्तमान में गोदाम में एक महिला प्रबंधक और एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर की नियमित ड्यूटी लगी हुई है, जिन्हें लंबे समय तक कार्यस्थल पर रहना पड़ता है। शौचालय की सुविधा नहीं होने से उनकी सुरक्षा और सम्मान दोनों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला कर्मियों का कहना है कि आसपास कोई सुरक्षित सार्वजनिक शौचालय भी उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है। कार्यस्थल पर इस तरह की बुनियादी सुविधा का न होना सरकारी नियमों और महिला सुरक्षा से जुड़े मानकों के विपरीत है। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने एफसीआई के संबंधित वरीय पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि जहां-जहां महिला पदाधिकारी या महिला कर्मी कार्यरत हैं, वहां शौचालय का निर्माण विभागीय स्तर पर अविलंब कराया जाए, ताकि महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिल सके। जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि सीएमआर गोदाम में एक महिला प्रबंधक और एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर की ड्यूटी है, जिनके लिए शौचालय की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या का समाधान शीघ्र किया जाएगा और गोदाम परिसर में जल्द ही शौचालय एवं बाथरूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;