Bhagalpur News: लखीसराय: अटल जी की पुण्यतिथि पर पौधरोपण
Bhagalpur News: मनोज कुमार की रिपोर्ट लखीसराय, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर के नया बाजार स्थित केआरके हाई स्कूल

Bhagalpur News: मनोज कुमार की रिपोर्ट लखीसराय, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर के नया बाजार स्थित केआरके हाई स्कूल मैदान परिसर में रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने पौधारोपण कर अटल जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने जीवन और विचारों से देश प्रथम की भावना को मजबूत किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने सबका साथ सबका विकास की भावना के साथ देश को नई दिशा देने का काम किया।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और संकल्पों को आगे बढ़ाते हुए भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। आज देश आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से अटल जी के विचारों से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा कि नकारात्मक वातावरण से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं। सबको साथ लेकर चलने की भावना से ही भारत मजबूत और विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इन्हीं विचारों और संकल्पों के साथ भारत 21वीं सदी में विश्व गुरु बनने की दिशा में प्रखरता और प्रबलता के साथ आगे बढ़ रहा है। उक्त मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार सिंह एवं भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


