Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsLakhisarai Polytechnic College Set for Secure Assembly Election Vote Counting on November 14
लखीसराय: 14 नवंबर को पॉलिटेक्निक कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच होगी मतगणना

लखीसराय: 14 नवंबर को पॉलिटेक्निक कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच होगी मतगणना

संक्षेप:

लखीसराय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में 14 नवंबर को विधानसभा चुनाव की मतगणना की जाएगी। जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ईवीएम की सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बल तैनात रहेंगे। मतगणना पूरी पारदर्शिता से होगी और सभी दलों के प्रतिनिधियों को उचित सुविधाएं दी जाएंगी।

Nov 12, 2025 05:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। आगामी 14 नवंबर शुक्रवार को लखीसराय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में विधानसभा चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जाएगी। जिला प्रशासन ने मतगणना को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार और डीसीएलआर राहुल कुमार ने बुधवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर की सुरक्षा, बिजली, पेयजल, मीडिया कवरेज तथा पार्किंग की व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। डीएम ने कहा कि मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनाधिकृत प्रवेश की संभावना न रहे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मतगणना से पहले वज्रगृह स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में 24 घंटे अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। जवानों की ड्यूटी अलग-अलग शिफ्ट में लगाई गई है ताकि चौबीसों घंटे सुरक्षा चाक-चौबंद बनी रहे। स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से लगातार की जा रही है, जिसकी मॉनिटरिंग नियंत्रण कक्ष से प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। मतगणना के दिन 14 नवंबर को सुबह स्ट्रॉन्ग रूम को कड़ी सुरक्षा के बीच खोला जाएगा। किसी भी प्रत्याशी या उनके अधिकृत प्रतिनिधि को हस्ताक्षर और पहचान सत्यापन के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अंदर प्रवेश करने वाले सभी की वीडियोग्राफी की जाएगी। पॉलिटेक्निक परिसर के चारों ओर पुलिस, प्रशासनिक और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम तैनात रहेगी। मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग की गई है और प्रवेश केवल पासधारी कर्मियों को ही मिलेगा। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बलों को भी स्टैंडबाय पर रखा है। डीएम और एसपी ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होगी और सभी दलों के प्रतिनिधियों को उचित सुविधा दी जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में बिना किसी बाधा के पूरी की जाए।