लखीसराय : रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस हुई अलर्ट, संदिग्धों और वाहनों की सघन जांच
लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट जिले में अपराध नियंत्रण तथा मद्य-पदार्थों एवं प्रतिबंधित वस्तुओं

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट जिले में अपराध नियंत्रण तथा मद्य-पदार्थों एवं प्रतिबंधित वस्तुओं के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा मंगलवार की रात विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों ने भ्रमणशील रहकर रात्रि गश्ती व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने गश्ती, ओडी. (ऑफिसर ऑफ द डे) एवं डायल-112 सेवा में तैनात जवानों की उपस्थिति, सतर्कता और कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
इसी क्रम में जिलेभर में रोको-टोको अभियान चलाया गया। अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सामानों की सघन जांच की गई। पुलिस द्वारा दोपहिया, चारपहिया एवं मालवाहक वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ उनके भीतर रखी वस्तुओं की भी तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शराब, नशीले पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के अवैध परिवहन पर रोक लगाना तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई और लोगों से भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। रात्रि गश्ती और विशेष जांच अभियानों के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


