Bhagalpur News: लखीसराय: नगर परिषद बोर्ड की बैठक में 70 लाख से नाला-स्लैब मरम्मत को मंजूरी
Bhagalpur News: लखीसराय से मनीष की रिपोर्ट नगर परिषद लखीसराय की सशक्त स्थायी समिति की बैठक

Bhagalpur News: लखीसराय से मनीष की रिपोर्ट नगर परिषद लखीसराय की सशक्त स्थायी समिति की बैठक शुक्रवार को नगर परिषद अध्यक्ष अरविंद पासवान की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित हुई। बैठक में शहर के सभी 33 वार्डों में नाला, स्लैब व ढक्कन की मरम्मत सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। बैठक में 33 वार्डों में नाला एवं स्लैब की मरम्मत के लिए 70 लाख रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई। इसमें केआरके मैदान के मुख्य गेट के समीप नाली एवं स्लैब की मरम्मत पर चार लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ घाटों की व्यवस्था के लिए 30 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई तथा इसके लिए जल्द निविदा निकालने का निर्णय लिया गया।
नगर परिषद प्रशासनिक भवन के आगे कैंटीन निर्माण के लिए भी शीघ्र निविदा प्रक्रिया शुरू करने की सहमति बनी। पुराने नगर परिषद कार्यालय की सैरात बंदोबस्ती के लिए पूर्व निर्धारित 1.25 लाख रुपये मासिक दर पर कोई संवेदक नहीं आने के बाद राशि घटाकर एक लाख रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया। शहर की साफ-सफाई व्यवस्था के लिए स्वच्छता पदाधिकारी द्वारा तैयार बीओक्यू को मंजूरी देते हुए दो वर्षों के लिए 457 मजदूरों की सेवा से संबंधित 14,85,08,208 रुपये की निविदा को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। 31 अगस्त 2026 तक कार्यालय में जमा संवेदकों के बिलों के भुगतान को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा कार्यालय के लिए 80 लीटर क्षमता वाला स्टील बॉडी फिल्टर आरओ खरीदने तथा मास्टर रोल पर कार्यरत दैनिक पारिश्रमिक मजदूरों के पारिश्रमिक में एक सितंबर से 30 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। शहर में सात स्थानों पर पे एंड यूज डीलक्स शौचालय एवं मूत्रालय निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। इनमें जमुई मोड़, अशोक धाम, विद्यापीठ चौक, बाजार समिति, थाना चौक, शहीद द्वार के निकट और परिया पोखर शामिल हैं। बैठक में उपसभापति शिव शंकर राम, नगर परिषद पदाधिकारी प्रभात रंजन, सशक्त स्थायी समिति की सदस्य शबनम बानो, सुरेंद्र मंडल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।


