
लखीसराय : अनंत चतुर्दशी पर डिप्टी सीएम संग निकली पवित्र जलयात्रा, अशोकधाम में किया रुद्राभिषेक
लखीसराय में अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की अगुवाई में जलयात्रा सिमरिया धाम से शुरू होकर अशोकधाम स्थित इन्द्रदमनेश्वर...
लखीसराय । एक प्रतिनिधि अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर लखीसराय में श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। लक्खी अमृत महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की अगुवाई में भव्य जलयात्रा निकाली गई। यह यात्रा सिमरिया धाम से गंगाजल लेकर शुरू हुई, जो बड़हिया होते हुए अशोकधाम स्थित इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और हर-हर महादेव व बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। अशोकधाम पहुंचने पर विद्वान पंडितों की उपस्थिति में गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया गया। समुद्र मंथन की कथा से जुड़ा यह रुद्राभिषेक विष के शमन और लोककल्याण का प्रतीक माना जाता है।

रुद्राभिषेक के उपरांत डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने अशोकधाम मंदिर प्रांगण में महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह जलयात्रा सनातन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक एकता का संदेश देती है। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। भजन गायन में प्रसिद्ध कलाकार नवल भारती, सौम्या और पंकज भारती सहित कई गायक-कलाकारों ने एक से एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। “काहे के शिव को मनाई हो, शिव मानत नहीं”, “बोल बम नगरिया दुपहरिया” जैसे गीतों से मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु झूमने लगे। जलयात्रा का मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। अशोकधाम मंदिर पहुंचने पर डीएम मिथिलेश मिश्र ने गुलदस्ता और चादर ओढ़ाकर उपमुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, देवनंदन शाह, घनश्याम मंडल, गौतम मंडल, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। अशोकधाम में हुए इस आयोजन ने न केवल धार्मिक महत्व को जीवंत किया बल्कि क्षेत्र में सामूहिक उत्साह, भक्ति और सांस्कृतिक एकजुटता की मिसाल भी पेश की। श्रद्धालुओं ने इसे जीवन में अविस्मरणीय अनुभव बताया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


