बोले भागलपुर: कन्हाई लाल लेन में सड़क और नाला का निर्माण हो
कन्हाई लाल लेन में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। लोग जर्जर सड़कों और जल निकासी की समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कई परिवार आवास योजना और राशन कार्ड से वंचित हैं। नागरिकों ने मांग की है कि सड़क, नाला और अन्य सुविधाओं का निर्माण जल्द किया जाए ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 स्थित कन्हाई लाल लेन में मूलभूत सुविधाओं का अभाव। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों का कहना है कि मोहल्ले की सड़कें जर्जर हो गयी हैं। नालों की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जल निकासी की समस्या रहती है। बारिश के दिनों में उत्तर दिशा में बसे घरों में पानी प्रवेश कर जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कन्हाई लाल लेन के लोगों ने बताया कि मोहल्ले में लगभग डेढ़ सौ घर हैं, जहां अधिकांश लोग मजदूरी और दूसरों के घरों में कामकाज कर अपना जीवन यापन करते हैं।
लोगों ने बताया कि मुख्य रास्ता मायागंज मोहल्ला होकर बरारी थाना की ओर निकलता है, लेकिन बीच में करीब 40 फीट तक सड़क कच्ची है। जिससे लोगों को घूमकर आना-जाना पड़ता है। मोहल्ले में अधिकांश घर कच्ची मिट्टी के हैं। बारिश के दिनों में इन घरों के लोगों काफी समस्या होती है। कई परिवार अब तक आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। कई लोगों के पास अपना राशन कार्ड भी नहीं है। कई परिवारों के सदस्यों के नाम राशन कार्ड से कट चुके हैं। लोगों की मांग है कि सड़क, नाला, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था जल्द की जाए। ताकि लोगों को राहत मिल सके।सोनेलाल रिख्यासन ने बताया कि कन्हाई लाल लेन की सबसे बड़ी समस्या मुख्य रास्ते की है। पूरे मोहल्ले में पक्की सड़क का निर्माण तो किया गया है, लेकिन उसे मुख्य मार्ग से जोड़ने का कार्य अब तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि मायागंज मोहल्ले से होकर बरारी थाना की ओर जाने वाला रास्ता ही मोहल्ले का प्रमुख और सबसे सुविधाजनक रास्ता है, लेकिन इसे मुख्य सड़क से जोड़ने का काम अभी भी अधूरा है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों द्वारा बीच में आपत्ति दर्ज करने के कारण सड़क निर्माण नहीं किया गया। इस अधूरे रास्ते के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि मोहल्ले की सड़क भी अब जर्जर होती जा रही है। सड़क का जल्द निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।मुकेश कुमार ने बताया कि कन्हाई लाल लेन में लगभग डेढ़ सौ घर हैं। जिनमें कई कच्चे मकान हैं। मोहल्ले में सड़क और नाला की समुचित व्यवस्था नहीं है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या मुख्य मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते की है। बारिश के दिनों में यह कच्ची रास्ता पूरी तरह कीचड़ में बदल जाता है, जिससे लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो जाता है। इस अधूरे रास्ते के कारण चारपहिया वाहन भी मोहल्ले के अंदर तक नहीं पहुंच पाता है। इस अधूरे हिस्से वाली सड़क का जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि मोहल्ले के लोगों को सुविधा मिल सके।शनिचर मांझी ने बताया कि कन्हाई लाल लेन में नाला नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सही से निकासी नहीं हो पाता है और आसपास गंदा पानी जमा हो जाता है। मोहल्ले में छोटी और कच्ची नाली ही बनी हुई है। उससे पानी की निकासी नहीं हो पाती है। मोहल्ले के उत्तर दिशा में कई घरों में बारिश होने पर पानी प्रवेश कर जाता है। नाला का निर्माण होने से यह समस्या दूर हो सकती है। जल्द से जल्द मोहल्ले में बड़ी और पक्की नाला का निर्माण कराया जाए, जिससे बारिश में होने वाली समस्या दूर हो और पानी की सही तरीके से निकासी हो सके।आवास योजना का लाभ कई परिवारों को नहीं मिलाअंदरी देवी ने बताया कि मोहल्ले में आज भी कई परिवार कच्ची घरों में रह रहे हैं। कुछ के पास रहने के लिए घर की सुविधा भी नहीं है। कई परिवारों ने आवास योजना को लेकर आवेदन भी किया है, लेकिन अभी तक उन परिवारों को आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें पक्का मकान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। रूबी देवी ने बताया कि कई वर्ष पहले सरकारी योजना के तहत पास के टोले में एक भवन का निर्माण कराया गया था, लेकिन अब वह जर्जर हो चुका है। यदि उस भवन का पुनर्निर्माण कर जरूरतमंद परिवारों को आवंटित किया जाए तो उन्हें रहने की सुविधा मिल सकती है। फिलहाल यह भवन खाली पड़ा होने के कारण बेकार और असामाजिक लोगों का जमावड़ा लगा रहता है।इनकी भी सुनिएमोहल्ले में नाला नहीं होने के कारण घरों के गंदा पानी की सही से निकासी नहीं हो पाती है। आसपास गंदा पानी जमा रहता है। मोहल्ले में घरों का पानी निकासी के लिए नाला का निर्माण कराया जाय, जिससे राहत मिले।-शनिचर मांझीमोहल्ले में सड़क तो बनी है, लेकिन करीब 40 फीट हिस्सा अभी भी कच्चा है, जिससे लोगों को उस रास्ते से आने-जाने में काफी परेशानी होती है। बारिश में यह रास्ता कीचड़ में बदल जाता है जिससे चलना मुश्किल हो जाता है।-मुकेश कुमारपरिवार में राशन कार्ड नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। आवेदन करने के बावजूद अब तक कार्ड नहीं बना है। मोहल्ले में शिविर लगाकर पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाया जाए, ताकि सुविधा मिले।-उषा देवीमोहल्ले की सड़क जर्जर हो चुकी है, बारिश में स्थिति खराब हो जाती है। जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। सड़क को मायागंज मोहल्ला से गुजरने वाली सड़क से जोड़ा जाए तो लोगों के लिए सुविधाजनक होगी।-कंचन देवीकन्हाई लाल लेन का रास्ता तो वैसे कई तरफ से है, लेकिन मुख्य सड़क मायागंज मोहल्ले से है, लेकिन वह नहीं जुड़ा है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी कठिनाई होती है। सड़क का निर्माण कराया जाए।-सोनेलाल रिख्यासनमोहल्ले में कई ऐसे परिवार हैं जिनका राशन कार्ड नहीं बना है। कुछ लोगों के कार्ड से नाम भी कट चुके हैं। जिसके कारण लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों को सरकारी योजना का लाभ दिया जाए।-चंदेश्वरी यादवजरूरतमंद परिवारों के लिए कई साल पहले सरकारी योजना के तहत दलित टोले में एक भवन का निर्माण कराया गया है, लेकिन अब वह जर्जर हो गया है। इसका पुनर्निर्माण कर जरूरतमंद परिवारों को दिया जाए।-रूबी देवीमोहल्ले के लोग एक ही प्याऊ पर निर्भर हैं, जिससे पानी की समस्या बनी रहती है। मोहल्ले में पाइप बिछाया गया है, लेकिन उसमें भी नियमित और पर्याप्त पानी नहीं आता है। इससे घर के कामकाज में काफी परेशानी होती है।-पुरनी देवीपरिवार के कई सदस्यों का नाम राशन कार्ड में जुड़ा नहीं है। कई परिवार के कई सदस्यों के नाम भी कट चुके हैं। इससे गरीब परिवारों को अनाज का लाभ नहीं मिल पाता है। कई सरकारी योजनाओं से भी वंचित रह जाते हैं।-राजकुमारी देवीमोहल्ले की सड़क जर्जर हो चुकी है और बारिश में कीचड़ से भर जाती है। नाला नहीं होने के कारण पानी का निकास नहीं हो पाता है। सड़क पर नाला का गंदा पानी जमा रहता है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।-चुनकी देवीजरूरतमंद परिवार को सुविधा के लिए सरकारी योजना के तहत वर्षों पहले करीब 100 कमरों का भवन बना था, लेकिन आज तक लोगों को नहीं दिया गया। अब वह भवन भी जर्जर हो रहा है और बेकार पड़ा है।-निर्मला देवीमोहल्ले में कई परिवार आज भी कच्चे घरों में रह रहे हैं। कुछ के पास रहने के लिए घर भी नहीं है। ऐसे परिवारों को आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। विभाग इनकी पहचान कर उन्हें पक्का घर उपलब्ध कराये।-अंदरी देवीकन्हाई लाल लेन तक आने वाला रास्ता ठीक से विकसित नहीं है। पक्की सड़क बनी है, लेकिन वह मुख्य सड़क से नहीं जुड़ी है। बीच का हिस्सा कच्चा है और बारिश में कीचड़ हो जाता है। इस कारण परेशानी होती है।-ब्रह्मदेव पासवानमोहल्ले में पहुंचने के लिए उचित रास्ता नहीं है, जिससे लोगों के बीमार पढ़ने पर एम्बुलेंस भी घर तक नहीं आ पाती है। मोहल्ले में कई गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। उन्हें लाभ मिले।-संगीता देवीमोहल्ले में नल से बहुत कम समय के लिए पानी आता है। पानी की समस्या के कारण लोगों को कठिनाई होती है। एक प्याऊ का निर्माण कराया गया है, लेकिन प्याऊ खराब होने पर लोगों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है।-समरी देवीमोहल्ले में नाला और सड़क की समस्या है। प्रतिदिन सफाईकर्मी भी साफ-सफाई के लिए नहीं आते हैं। जिसके कारण लोगों को खुले में कूड़ा फेंकना पड़ता है। कई परिवारों का राशन कार्ड नहीं बनने से अनाज नहीं मिल पाता है।-धन्जो देवीसमस्याएं1. मोहल्ले की सड़क जर्जर होने के कारण बारिश के दिनों में आने-जाने लायक नहीं रहती है, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।2. मोहल्ले में पुरानी और छोटी नाली होने और उसकी साफ-सफाई नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सही से नहीं निकल पाता है, जिससे बदबू फैलती है।3. मोहल्ले में सुविधाजनक रास्ता नहीं होने से लोगों के घरों तक चारपहिया वाहन नहीं आ पाता है। लोगों के बीमार पड़ने पर काफी परेशानी होती है।4. मोहल्ले में पानी की आपूर्ति सीमित समय के लिए है। एक प्याऊ है जिस पर पूरा मोहल्ला निर्भर है। एक प्याऊ से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है।5. कन्हाई लाल लेन में कई गरीब परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है या नाम जुड़ा नहीं है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नही मिल पा रहा है।सुझाव1. मोहल्ले में पक्की सड़क का निर्माण किया जाए, जिससे लोगों को आने-जाने में सुविधा हो सके। बारिश के दिनों में भी किसी तरह की समस्या न हो।2. मोहल्ले में नाला का निर्माण कराया जाए और उसकी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। सफाई होने से गंदगी कम होगी और जल निकासी की समस्या दूर होगी।3. मोहल्ले के लोगों की सुविधा को लेकर मायागंज की ओर जाने वाले रास्ते का निर्माण कराया जाये। ताकि मोहल्ले के लोगों को आने-जाने में सुविधा हो सके।4. मोहल्ले में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर किया जाए। बुडको से होने वाला सप्लाई पानी का समय बढ़ाया जाय। जिससे लोगों को दैनिक कार्य करने में परेशानी न हो।5. कन्हाई लाल लेन में शिविर लगाकर पात्र परिवारों की जांच कर उनका राशन कार्ड बनाया जाए। जिनका नाम कट गया या छूट चुका है। उनका नाम जोड़ा जाय।प्रस्तुति: संतोष कुमार, फोटोग्राफ: संजीव
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


