कुरसेला | संवाद सूत्र
थाना क्षेत्र के एसएच 77 पर गुरुवार शाम सात बजे बाइक और ऑटो के आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार श्याम मंडल (36 वर्ष) निवासी कोशकीपुर थाना रंगरा जिला भागलपुर की मौत हो गयी जबकि बाइक पर सवार वाजिद मंडल तथा चार वर्षीय बच्ची घायल हो गये।
ऑटो चालक अंधेरा का फायदा उठाकर घटनास्थल से भागने में सफल रहा। घटना की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहंुचकर जानकारी पुलिस को दी। घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कुरसेला में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद श्याम मंडल को मृत घोषित कर दिया। वाजिद मंडल एवं चार वर्षीय बच्ची आरुषि कुमारी को उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। कुरसेला थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि मृतक तथा घायलों के परिजनों से सम्पर्क साध कर सूचना दी गयी है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक एवं घायल व्यक्ति सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं।