बोले भागलपुर: कोयलाघाट में जलापूर्ति की व्यवस्था करे निगम
भागलपुर के वार्ड 22 के कोयलाघाट मोहल्ले में जलापूर्ति और सड़क की स्थिति गंभीर है। 20 साल पुरानी सड़क जर्जर है, और लोग पानी के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से समस्याओं के समाधान की मांग की...
शहर के बीच स्थित है वार्ड 22 का कोयलाघाट मोहल्ला। घनी आबादी वाले इस मोहल्ले में अधिकांश पशुपालक रहते हैं। यहां भी समस्याओं की कमी नहीं है। 20 साल पहले बनी सड़क की मरम्मत नहीं होने से आवागमन में लोगों को परेशानी होती है। सबसे बड़ी समस्या जलापूर्ति की है। लोगों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। प्याऊ खराब होने पर परेशानी और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। नगर निगम को जलापूर्ति और सड़क की व्यवस्था करनी चाहिए।

गंगा किनारे बसा कोयला घाट शहर के महत्वपूर्ण मोहल्लों में शामिल है। करीब 300 परिवार मोहल्ले में रहते हैं। पशुपालन और खेती कर लोग परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मोहल्ले के अगल-बगल प्रशासनिक और न्यायिक पदाधिकारियों का आवास है। कुछ दूरी पर नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों का कार्यालय है। मोहल्ले से सटा एक बड़ा शिक्षण संस्थान भी है। इसके बावजूद इस मोहल्ले में विकास के नाम पर कुछ नहीं दिख रहा है। बुडको द्वारा पाइप तो बिछाया गया है। लेकिन जलापूर्ति नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि नगर निगम को टैक्स दिया जाता है। मुलभूत सुविधाएं लोगों को मिलनी चाहिए।
प्रो. सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि 20 साल पहले मोहल्ले की सड़क का निर्माण हुआ था। सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बुडको द्वारा पाइप बिछाने के बाद सही तरीके से मरम्मत नहीं कराने के चलते वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। नाला सड़क से ऊंचा है। नाला की नियमित सफाई भी नहीं होती है। इसके चलते नाला का गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। गंदे पानी होकर लोगों को गुजरना पड़ता है। बुडको द्वारा पाइप बिछाकर छोड़ दिया गया है। जलापूर्ति अभी तक शुरू नहीं की गयी। दो प्याऊ से पानी मिल रहा है। बड़ी आबादी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता है। लोग दूर से पानी ढोकर लाते हैं। एक प्याऊ का मोटर जला हुआ है। लोग गंगा के पानी से काम चला रहे हैं। जब तक बुडको पानी की आपूर्ति शुरू नहीं करता है। तब तक कम से कम एक बोरिंग की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोहल्ले के आसपास अस्पताल नहीं है। मरीजों को इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल जाना पड़ता है। मोहल्ले में एक स्वास्थ्य केन्द्र होना चाहिए। बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल नहीं है। छोटे बच्चों को दूर दूसरे मोहल्ले में पढ़ने के लिए जाना पड़ता है। कोयलाघाट में एक विद्यालय होना चाहिए। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं है। इसके चलते रात में लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। हर पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए। पर्व-त्योहार में लोग गंगा स्नान करने आते हैं।
जयप्रकाश यादव ने बताया कि भागलपुर स्मार्ट सिटी में शामिल है। लेकिन शहर के मोहल्ले स्मार्ट नहीं हो रहे हैं। दुख की बात है कि स्मार्ट सिटी में सभी घरों तक पानी अभी तक नहीं पहुंचा है। सफाई नहीं होने से मोहल्ले में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। फॉगिंग नहीं की जाती है। मच्छर के चलते लोग रात में ठीक से सो नहीं पाते हैं। महिला और बच्चों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। प्याऊ खराब होने के चलते दूसरों से पानी मांगकर काम चलाना पड़ रहा है। सड़क निर्माण की मांग काफी समय से की जा रही है। सड़क में गड्ढा होने के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। सफाईकर्मी मोहल्ले में नियमित रूप से नहीं आते हैं। इसके चलते सफाई नहीं हो पाती है।
नंदकिशोर ने बताया कि मोहल्ले में अधिकांश गरीब परिवार रहते हैं। लेकिन सभी योग्य परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है। इसके चलते सस्ती दर पर अनाज नहीं मिल रहा है। आवेदन देने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। कई बार नगर निगम गया। लेकिन अभी तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है। कार्यालय में बोला जाता है कि काम हो गया है। लेकिन अनाज नहीं मिल पा रहा है। परिवार का भरण-पोषण करने में परेशानी होती है। जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं है। दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। बहुत से परिवार के पास रहने के लिए कच्चे मकान हैं। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी क्षेत्र) का लाभ मिलना चाहिए। नगर निगम द्वारा योजना का लाभ देने का केवल आश्वासन दिया जाता है।
मोहल्ले में स्वास्थ्य केन्द्र और स्कूल भवन का निर्माण हो
दीप्ति घोष ने बताया कि मोहल्ले में बच्चों के पढ़ने के लिए एक स्कूल और मरीजों के प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र होना चाहिए। बच्चों को पढ़ने के लिए दूर जाना पड़ता है। मोहल्ले में नियमित सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि गंदा पानी सड़क पर नहीं बहे। राधिका देवी ने बताया कि घाट किनारे घर है। कच्चा मकान में किसी तरह परिवार के साथ रहती हूं। बारिश होने पर पानी टपकता है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास के लिए कई बार आवेदन दिया। लेकिन अभी तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। मीना देवी ने बताया कि गरीब होने के बावजूद अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है। इसके चलते अनाज नहीं मिल रहा है। मोहल्ले में पानी का संकट बना हुआ है। नाला की सफाई और पानी निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए। सुनीता देवी ने बताया कि नाला अक्सर जाम रहता है। ओवरफ्लो होकर नाला का पानी सड़क पर बहता रहता है। गरीब परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है। योग्य लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलना चाहिए।
बोले जिम्मेदार
बुडको द्वारा एक महीने में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। जलापूर्ति शुरू होने से पानी का संकट खत्म हो जाएगा। कोयलाघाट में खराब प्याऊ को ठीक कराया जाएगा। नाला और सड़क निर्माण के लिए प्रत्येक वार्ड को 40-40 लाख रुपये दिया गया है। इसके पहले 25 लाख रुपये दिया गया था। अगर इस योजना में कोयलाघाट की सड़क शामिल नहीं होगी तो अगली बार उसे शामिल कर निर्माण कराया जाएगा। राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ योग्य लोगों को मिलना चाहिए। दुर्गापूजा से कालीपूजा के बीच स्ट्रीट लाइट लगा दी जाएगी।
-डॉ. सलाहउद्दीन अहसन, डिप्टी मेयर, नगर निगम, भागलपुर
इनकी भी सुनिए
पानी का पाइपलाइन बुडको द्वारा बिछाई गई है। लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी आज तक पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। लोगों को जलसंकट से जूझना पड़ता है। जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त हो।
-जयप्रकाश यादव
नगर निगम द्वारा कोयला घाट रोड में कूड़ेदान और कूड़ा उठाव की कोई व्यवस्था नहीं है। गंदगी के कारण दुर्गंध से समस्या होती है। पाइपलाइन से घर-घर पानी की सुविधा मिले। सामुदायिक भवन का निर्माण हो।
-मीना देवी
कोयला घाट इलाके में नाला सड़क से ऊंचा होने से सड़क और कई घरों का पानी नाला में नहीं जा पाता है। सफाई नहीं होने से नाला जाम रहता है। सड़क के दोनों ओर नाला का निर्माण कराकर सफाई सुनिश्चित हो।
-प्रो. सुरेश प्रसाद यादव
नाला और बारिश का पानी सड़क पर बहता है। बाढ़ आने के कारण गंगा किनारे के कई घरों में पानी घुस गया है। जिससे लोगों के घरों का सामान बर्बाद हो गया। बाढ़ प्रभावित परिवार को मुआवजा दिया जाय।
-सुनिता देवी
कई वर्ष पहले ही बुडको द्वारा पानी की पाइपलाइन बिछाई गई थी। लेकिन पानी नहीं आने से कई जगहों पर पाइप टूट गई है। सभी घरों में पाइपलाइप से कनेक्शन कर जलापूर्ति शुरू हो। सफाई और पानी की सुविधा मिले।
-निशा देवी
सड़क बहुत पहले की बनी हुई है। जर्जर होने के चलते लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। नलजल योजना का लाभ नहीं मिलने से लोगों को पानी ढोकर लाना पड़ता है। सफाई नहीं होने से नाला जाम रहता है।
-बिरेन्द्र यादव
शारीरिक रूप से दिव्यांग हूं। इससे संबंधित प्रमाण पत्र होने के बाद भी सरकार से दिव्यांगता पेंशन राशि का लाभ नहीं मिलता है। राशन कार्ड नहीं बनने से सरकार की कई योजनाओं के लाभ से वंचित रहना पड़ता है।
-निरंजन कुमार यादव
सड़क के एक साइड ही नाला का निर्माण कराया गया है। नाला सड़क से ऊंचा बन गया है। इसके कारण बारिश और गंदा पानी नाला के बजाय सड़क पर बहता है। सड़क और नाला निर्माण के साथ जलापूर्ति सुनिश्चित हो।
-सत्यनारायण यादव
शहर के कोयला घाट इलाके में बड़ी आबादी निवास करती है। लेकिन विकास के मामले में काफी पिछड़ा है। मोहल्ले में सड़क, नाला और पानी की दिक्कत है। जनप्रतिनिधियों का कोई सहयोग नहीं मिलता है।
-बालकृष्ण यादव
गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी घर में घुस जाने से मुश्किल हो गया है। घर के बाहर या अन्य जगहों पर शरण लेनी पड़ रही है। बाढ़ राहत राशि नहीं मिली है। प्रभावित परिवारों को सहायता राशि मिलनी चाहिए।
-बड़े यादव
रोजगार की व्यवस्था नहीं होने से युवाओं और महिलाओं को परेशानी हो रही है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अपना अलग से व्यवसाय नहीं कर पाते हैं। महिलाओं के लिए स्वरोजगार की व्यवस्था होनी चाहिए।
-मीना देवी
नगर निगम द्वारा कोयला घाट रोड में साफ-सफाई के साथ ब्लीचिंग का छिड़काव और फॉगिंग नहीं कराई जाती है। गंदगी से कई तरह की बीमारी की समस्या होती है। बिजली के सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट लगायी जाए।
-शर्मिला देवी
पशुपालन कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। खपड़ा का मकान है। आर्थिक रूप से कमजोर हूं। पक्का मकान नहीं बना सकते हैं। सरकार से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलना चाहिए। ताकि रहने में सुविधा हो सके।
-राकेश कुमार
कोयला घाट के पास सामुदायिक शौचालय जर्जर होने के कारण यह उपयोग के लायक नहीं है। नए सिरे से सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जाय। ताकि स्थानीय परिवारों के साथ घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा हो।
-नंदकिशोर यादव
सरकार से बाढ़ पीड़ितों को मिलनेवाली बाढ़ राहत राशि नहीं मिली है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी दिक्कत हो रही है। घर में बाढ़ का पानी घुस जाने से शौचालय और भोजन की समस्या है। वेपर लाइट खराब है।
-अविनाश कुमार
घर नहीं होने से पॉलीथिन टांगकर रहना पड़ता है। इससे काफी परेशानी होती है। सरकार से आवास योजना का लाभ मिले। ताकि पक्का के मकान में सुरक्षित रहकर परिवार का भरण-पोषण कर सकें। सप्लाई वाटर से बदबू आती है।
-कैलाश यादव
शिकायत
1. पानी की आपूर्ति के लिए कई साल पूर्व बुडको द्वारा पाइपलाइन बिछाई गई है। बरारी से आने वाला सप्लाई वाटर से दुर्गंध आता है। मुख्य सड़क या पड़ोसियों के यहां से पानी ढोकर लाना पड़ता है।
2. कई साल पहले बनी सड़क कई जगहों पर टूटकर जर्जर हो चुकी है। गड्ढे में पानी जमा हो जाता है। गंगाघाट आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है।
3. सड़क के दोनों ओर आबादी होने के बावजूद प्रशासन द्वारा सड़क के एक साइड ही नाला निर्माण कराया गया है। नाला की ऊंचाई सड़क से अधिक होने के कारण पानी नाला में नहीं जा पाता है।
4. वर्षों से नाला की सफाई नहीं होने से नाला जाम हो गया है। इसके कारण बारिश होने पर नाला का पानी और कचरा सड़क पर बहने लगता है। इससे परेशानी होती है। सामुदायिक शौचालय जर्जर है।
5. बिजली के पोल पर लाइट खराब होने से अंधेरे में आने-जाने में दिक्कत होती है। सामुदायिक भवन नहीं है। आंगनबाड़ी किराए के भवन में चलता है। स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी स्कूल नहीं है।
सुझाव
1. बुडको पाइपलाइन से जलापूर्ति सुनिश्चित करे। ताकि पीने का पानी नहीं खरीदना पड़े। जलापूर्ति की सुविधा के लिए अतिरिक्त प्याऊ का निर्माण कराया जाय। जिससे लोगों को सहूलियत हो।
2. कोयला घाट रोड में छठ के समय काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इसके लिए नगर निगम द्वारा जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाय। सड़क पर जलजमाव की समस्या दूर होगी।
3. इलाके में बिजली के सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करनी चाहिए। ताकि रात के समय सड़क पर आवागमन के दौरान लोगों को परेशानी नहीं हो। असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगा।
4. बड़ी आबादी वाले कोयला घाट में प्रशासन द्वारा सड़क के दोनों ओर नाला का निर्माण कराया जाय। ताकि पानी की निकासी हो सके। नाला की नियमित सफाई के साथ कूड़ेदान की व्यवस्था हो।
5. कोयला घाट इलाके में जर्जर पड़े सामुदायिक शौचालय, सामुदायिक भवन और आंगनबाड़ी भवन का निर्माण हो। स्वास्थ्य केंद्र और विद्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए।
प्रस्तुति: वीरेन्द्र कुमार, रविशंकर, फोटोग्राफ: संजीव

लेखक के बारे में
Yogendra Raiलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


