किशनगंज: फुलबरिया में जन कल्याण शिविर: अतिक्रमण, जर्जर बांध और जल-जमाव को लेकर डीएम को सौंपे आवेदन
प्रखंड क्षेत्र के भोरहा पंचायत स्थित फुलबरिया बाजार में मंगलवार को नव निर्मित पंचायत भवन में एक भव्य पंचायत सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया

टेढ़ागाछ से शिवम पाठक की रिपोर्ट प्रखंड क्षेत्र के भोरहा पंचायत स्थित फुलबरिया बाजार में मंगलवार को नव निर्मित पंचायत भवन में एक भव्य पंचायत सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी विशाल राज के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे।शिविर में आम जनता की सहूलियत के लिए आवेदन, निबंधन, ई-केवाईसी, सत्यापन और लंबित मामलों के तुरंत निष्पादन की व्यवस्था की गई थी। इसके तहत आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां नोडल अधिकारी खुद मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रखंड स्तर से प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए एक मेडिकल स्टॉल भी लगाया गया था। शिविर के दौरान स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न गंभीर समस्याओं से अवगत कराया l समाजसेवी विजय कुमार साह ने फुलबरिया बाजार की मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने और बाजार में बने जर्जर मार्केट शेड की जगह ओपन मार्केट का निर्माण कराने की मांग को लेकर आवेदन दिया। वार्ड संख्या 10 की निवासी रेणु रजक ने वार्ड में नाला न होने से हो रहे जल-जमाव पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी के सामने ही स्थानीय जन प्रतिनिधियों पर सड़क और नाला न बनाने का आरोप लगाया। वार्ड संख्या 5 के कुमुद बोसाक ने गांव में सड़क, नाला, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर डीएम को पत्र सौंपा। पंचायत समिति सदस्य इस्माइल ने फुलबरिया बाँध की जर्जर स्थिति की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए इसके मरम्मत कार्य के लिए आवेदन दिया।इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचलाधिकारी शशि कुमार, मुखिया अबू बकर, सरपंच नौशाद आलम, पंचायत समिति सदस्य इस्माइल, विभिन्न वार्ड सदस्य, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और भारी संख्या में शिकायतकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे। शिकायतें सुनने के बाद जिलाधिकारी विशाल राज खुद फुलबरिया बाजार पहुंचे। उन्होंने सड़क पर फैले जल-जमाव और अतिक्रमण का जायजा लिया। बाजार की बदहाल स्थिति देख डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही डीएम ने कहा कि सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी l
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


