
किशनगंज : कड़ी सुरक्षा के बीच बाजार समिति में होगी मतगणना
संक्षेप: किशनगंज में विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दोनों सड़कों को डायवर्ट किया गया है और निषेधाज्ञा लागू की गई है। 16 नवंबर तक किसी भी राजनीतिक सभा या प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। मतगणना केंद्र में सुरक्षा के लिए अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं और सीसीटीवी निगरानी की जा रही है।
किशनगंज, संवाददाता। विधानसभा चुनाव 2025 के बाद बाजार समिति परिसर में शुक्रवार को होने वाले मतगणना को लेकर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को लेकर मतगणना स्थल के दोनों ओर ठाकुरगंज जाने वाली सड़क व ठाकुरगंज से किशनगंज की ओर आने वाली सड़क मार्ग के रूट को डायवर्ट किया गया है। किशनगंज डीएम विशाल राज व एसपी सागर कुमार लगातार मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यव्स्था का जायजा ले रहे हैं। डीएम व एसपी ने गुरुवार को भी मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वज्रगृह में ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा के मद्देनजर त्रिस्तरीय सुरक्षा है।

जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु डीएम विशाल राज के निर्देश पर निषेधाज्ञा जारी किया गया है। यह आदेश 16 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। इसके तहत किसी भी व्यक्ति, राजनीतिक दल या संगठन द्वारा राजनीतिक उद्देश्य से सभा, जुलूस, धरना या प्रदर्शन नहीं किया जाएगा,ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा,किसी भी प्रकार का अपात्तिजनक पोस्टर, पर्चा, फोटो या सोशल मीडिया पर विधि-विरुद्ध संदेश प्रसारित नहीं किया जाएगा। मतदाताओं को भयभीत करने, धमकाने या प्रलोभन देने पर प्रतिबंध रहेगा, एक स्थान पर पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी, किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र या घातक हथियार का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा,यह आदेश शादी, बारात, हाट-बाजार, अस्पताल, आपातकालीन सेवाओं (विद्युत, जल, दूध वाहन, संचार सेवा आदि) एवं कर्तव्य पर तैनात सरकारी कर्मियों पर लागू नहीं होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मतगणना के बाद एहतियातन किसी प्रकार की जुलूस पर पाबंदी रहेगी। किशनगंज एसपी सागर कुमार ने बताया कि मतगणना के बाद किसी प्रकार के जुलूस पर पाबंदी रहेगी। केंद्र के पास 200 मीटर की दूरी पर किसी का भी प्रवेश वर्जित रहेगा। मतगणना केंद्र में अनाधिकृत किसी का भी प्रवेश वर्जित रहेगा। केंद्र के अंदर इलेक्ट्रोनिक उपकरण ले जाया जाना वर्जित रहेगा। वैध पास व तालाशी के बाद ही कोई भी मतगणना स्थल में प्रवेश कर सकेगा। ईवीएम व वीवीपैट की सुरक्षा में 24 घंटे अर्द्घसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। जवानों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगायी गई है। स्थल के पास सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। सीसीटीवी की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। सुरक्षा ऐसी है की परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। शुक्रवार को मतगणना के दिन ही कड़ी सुरक्षा के बीच वजगृह को खोला जाएगा। इससे पहले वहां किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




