
किशनगंज: मतदान कर्मियों के स्वास्थ्य की होगी समुचित देखभाल
किशनगंज में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान कर्मियों की स्वास्थ्य जिम्मेदारी को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक मतदान कर्मी को मेडिकल किट प्रदान की जाएगी, जिसमें सर्दी, बुखार और मामूली चोटों की दवाइयां शामिल हैं। आपात स्थिति में एम्बुलेंस और अस्पताल की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
किशनगंज । एक प्रतिनिधि लोकतंत्र के महापर्व विधानसभा चुनाव में जहां मतदाता अपनी भागीदारी निभाने जा रहे हैं, वहीं मतदान प्रक्रिया में लगे कर्मियों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी प्रशासन ने गंभीरता से ली है। लंबे समय तक ड्यूटी, बदलते मौसम के बीच किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने ठोस पहल की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर मतदान कर्मी को मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे बिना किसी असुविधा के अपना कार्य कर सकें। मतदान कार्य में लगे कर्मियों को स्वस्थ और सक्षम बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल किट तैयार की है।

यह किट जिला मुख्यालय स्थित सामग्री संग्रह केंद्र में रखी गई है, जिसे 10 नवंबर को रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों को वितरित किया जाएगा। इसमें सर्दी, खांसी, बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, और मामूली चोट के उपचार की दवाइयां शामिल हैं।सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि मतदान कार्य के दौरान कर्मियों के स्वास्थ्य की पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की है। हर मेडिकल किट में 10 से 12 आवश्यक दवाएं रखी गई हैं, जिनसे कर्मी मामूली बीमारी या थकान से राहत पा सकेंगे। आपात स्थिति में मिलेगी एम्बुलेंस और अस्पताल सुविधा: सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने कहा कि अगर किसी कर्मी की तबीयत ज्यादा बिगड़ती है तो उसके लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था की गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में विशेष टीमें तैनात रहेंगी। साथ ही प्रत्येक स्तर पर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में कर्मी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। स्वस्थ कर्मी से ही होगा सफल मतदान – जिलाधिकारी: जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि स्वस्थ कर्मी ही निष्पक्ष और सुचारू मतदान की गारंटी दे सकते हैं। इसीलिए हमने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर यह व्यवस्था की है कि हर मतदान टीम को मेडिकल किट मिले और जरूरत पड़ने पर उन्हें त्वरित चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध हो।उन्होंने यह भी कहा कि मतदान के दौरान कर्मियों की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी बूथों पर आवश्यक स्वास्थ्य संसाधन और एम्बुलेंस अलर्ट मोड पर रहेंगे। मतदान कर्मियों में उत्साह, मिला भरोसा का सहारा: मेडिकल किट वितरण की सूचना के बाद मतदान कर्मियों में उत्साह है। उनका कहना है कि प्रशासन की यह पहल न केवल आश्वस्त करने वाली है बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाने वाली है।कई कर्मीयों ने कहा,इस बार प्रशासन ने हमारी चिंता पहले ही कर ली है। मेडिकल किट मिलने से हमें भरोसा है कि किसी भी स्थिति में स्वास्थ्य सहयोग मिलेगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ मुनजिम ने कहा कि मतदान केवल एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है। ऐसे में मतदान कर्मियों का स्वस्थ रहना उतना ही जरूरी है जितना मतदाता का मतदान करना। गया जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की यह पहल निश्चय ही चुनावी कार्य को सुरक्षित, व्यवस्थित और मानवीय बनाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




