कहलगांव में श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव को लेकर निकाली गई भव्य निशान शोभायात्रा
कहलगांव में श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव को लेकर निकाली गई भव्य निशान शोभायात्रा, ईशिपुर बाराहाट से

कहलगांव, निज प्रतिनिधि श्रीश्याम बाल मंडल सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में कहलगांव नगर के मारवाड़ी टोला स्थित पंचदेव श्रीश्याम मंदिर में आयोजित दो दिवसीय श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव का शुभारंभ भव्य निशान शोभायात्रा के साथ हुआ। गाजे-बाजे और भक्ति संगीत के बीच महावीर पिंडा से प्रारंभ हुई निशान शोभायात्रा में सबसे आगे श्रीश्याम प्रभु की तस्वीर सजाकर निकाली गई। इसके पीछे रंग-बिरंगे निशान एवं ध्वज लेकर श्रद्धालु डीजे की धुन पर भजन गाते, जयकारे लगाते और गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष, युवक एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। शोभायात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।
साथ ही जगह-जगह शर्बत एवं ठंडे पानी की व्यवस्था भी की गई थी। नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा पंचदेव श्रीश्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। महोत्सव में ईशिपुर बाराहाट से भी सैकड़ों श्यामभक्त निशान यात्रा लेकर मंदिर पहुंचे, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। मंदिर परिसर में श्रीश्याम बाबा की पूजा-अर्चना एवं अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ दो दिवसीय महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंदिर में श्रीश्याम बाबा का शृंगार, सवा मनी भंडारा, छप्पन भोग तथा भजन-संकीर्तन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव के यजमान मनोज संथालिया एवं कल्पना संथालिया हैं। शोभायात्रा में अध्यक्ष मनोज संथालिया, राजेश संथालिया, सोनू टिबड़ेवाल, सुशील चमड़िया, पप्पू चौधरी, मनोज कुमार संथालिया, संदीप रुंगटा, कल्पना संथालिया, रुचि संथालिया, मधु चमड़िया, सरिता संथालिया, मीनू रुंगटा, राधा रुंगटा, ममता शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



