अब मेडिकल कॉलेज के बोर्ड पर चॉक नहीं अंगुलियां चलेंगी

Mar 02, 2026 01:09 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस और पीजी कक्षाओं में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाए जाएंगे। ये बोर्ड पारंपरिक ब्लैक बोर्ड की जगह लेंगे और शिक्षकों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाने में मदद करेंगे। पहले चरण में मेडिसिन, सर्जरी और स्त्री एवं प्रसव रोग विभाग में यह सुविधा मिलेगी।

अब मेडिकल कॉलेज के बोर्ड पर चॉक नहीं अंगुलियां चलेंगी

भागलपुर, वरीय संवाददाता जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एमबीबीएस और पीजी की पढ़ाई न केवल स्मार्ट तरीके से होगी, बल्कि एमबीबीएस व पीजी कक्षाओं में लगे ब्लैक बोर्ड की जगह स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लेंगे। जिससे इन बोर्ड पर चिकित्सक शिक्षक का चॉक नहीं बल्कि उनकी अंगुलियां लिखेंगी। न केवल उनकी अंगुलियां मेडिकल छात्रों को उनका कोर्स पढ़ाएंगी बल्कि डायग्राम से लेकर वीडियो पर क्लिक करके उन्हें विडियो दिखाकर पाठ को अच्छी तरीके से कंठस्थ करा सकेगी। इसको लेकर कॉलेज स्तर पर पहल शुरू हो जाएगी। हालांकि कक्षाओं में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाने की प्रक्रिया विभागवार चरण दर चरण में पूरी की जाएगी।

पहले डीएनबी समेत सर्जरी, मेडिसिन और स्त्री और प्रसव रोग विभाग में लगेगा स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अविलेश कुमार ने बताया कि पहले नेत्र रोग, सर्जरी, मेडिसिन और स्त्री एवं प्रसव रोग विभाग में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया था। बीते 27 फरवरी को विभागाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में पाया गया कि नेत्र रोग विभाग द्वारा स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाए जाने का प्रस्ताव नहीं आया तो निर्णय लिया गया गया कि पहले चरण में मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसव रोग विभाग व डीएनबी के क्लास में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाया जाएगा। डीएनबी की कक्षा कॉलेज के प्रशासनिक भवन के ऊपर बना हुआ है। सोमवार को कोटेशन मंगाया जाएगा तो होली के बाद स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड की खरीद होगी। मार्च के तीसरे से चौथे सप्ताह में इन कक्षाओं में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगा दिया जाएगा। इसके बाद अगले चरण में फार्माकोलॉजी, पैथोलॉजी, माइक्रोबॉयोलॉजी, एनॉटॉमी व फिजियोलॉजी विभाग में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाया जाएगा। प्राचार्य डॉ. अविलेश कुमार ने बताया कि अभी मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम व पीजी शिशु रोग विभाग में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लग चुका है और वहां पर कक्षाएं तक चल रही हैं। स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड में ये होती हैं खूबियां स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड (जिसे स्मार्ट बोर्ड या डिजिटल बोर्ड भी कहा जाता है) एक अत्याधुनिक टच-सेंसिटिव डिस्प्ले है जो पारंपरिक व्हाइटबोर्ड की जगह लेता है। यह एक बड़े टैबलेट की तरह काम करता है जिसे कंप्यूटर या इनबिल्ट ऑपरेटिंग सिस्टम (जैसे एंड्रायड या विंडोज) के जरिए संचालित किया जा सकता है। इसके जरिए चिकित्सक शिक्षक अपनी उंगलियों या एक विशेष पेन (स्टाइलस) का उपयोग करके सीधे स्क्रीन पर लिख सकेंगे, चित्र बना सकेंगे या ऐप्स चला सकेंगे। किसी भी वीडियो, इमेज या डॉक्यूमेंट के ऊपर नोट्स लिखे जा सकते हैं और उन्हें भविष्य के लिए सेव या शेयर किया जा सकता है। वाई-फाई के माध्यम से आप सीधे बोर्ड पर ही गूगल सर्च कर सकते हैं, यूट्यूब वीडियो देख सकते हैं या ऑनलाइन शैक्षिक सामग्री का उपयोग कर सकते हैं। आधुनिक पैनलों पर एक साथ कई लोग लिख सकते हैं, जिससे कक्षा या मीटिंग में सामूहिक चर्चा आसान हो जाती है। इसमें इनबिल्ट स्पीकर्स, माइक्रोफोन और कैमरा (कुछ मॉडल्स में) होते हैं, जो इसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और ऑनलाइन टीचिंग के लिए उपयुक्त बनाते हैं। इसी महीने में मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसव रोग व डीएनबी के लेक्चर थिएटर में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाया जाएगा। अगले चरण में नॉन क्लीनिक में तो आखिरी चरण में बाकी बचे विभागों में स्मार्ट इंटरैक्टिव बोर्ड लगाए जाएंगे। - डॉ. अविलेश कुमार, प्राचार्य, जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज भागलपुर

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।