जमुई: भीषण गर्मी और लू को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सभी विभागों को सख्त निर्देश
••••••••••••••••••••••••••••••••जमुई। बढ़ती गर्मी और लू की संभावना को देखते हुए जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह

जमुई। बढ़ती गर्मी और लू की संभावना को देखते हुए जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहते हुए प्रभावी और समन्वित आपदा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में पदस्थों के साथ बैठक करते हुए कहा कि बच्चों , महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। ग्रीष्मकाल की शुरुआत के साथ ही लू का खतरा बढ़ जाता है , जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार सभी विभाग सजग और सचेत रहें। शिक्षा विभाग को स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को लू से बचाव के उपायों की जानकारी देने तथा सभी विद्यालयों में पेयजल , ओआरएस और प्राथमिक उपचार किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में लू प्रभावित मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही एम्बुलेंस सेवा , ओआरएस , आईवी फ्लूड और जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन वार्ड और मोबाइल मेडिकल यूनिट भी सक्रिय किए जाएंगे। नगर निकाय सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल (पियाऊ) की व्यवस्था करेंगे वहीं पीएचईडी को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर टैंकर से जल आपूर्ति करने को कहा गया है। समाज कल्याण विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल , ओआरएस और जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। श्रम संसाधन विभाग को खुले में काम करने वाले मजदूरों के लिए शेड , पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। परिवहन विभाग को सार्वजनिक वाहनों में पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने तथा ऊर्जा विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने कहा कि गेहूं फसल की कटाई और मलनी का काम जारी है। जमुई , सिकंदरा , खैरा , अलीगंज जैसे क्षेत्रों में चौकसी बरतें। जर्जर तार को बदलें और शॉट सर्किट की संभावना को नियंत्रित करें। अग्निशमन विभाग को सभी उपकरण और वाहनों को हमेशा तैयार रखने का निर्देश दिया। वन एवं पर्यावरण विभाग को वन्य जीवों के लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। डीएम ने बताया कि लू से संबंधित पूर्व चेतावनी भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त कर टीवी , रेडियो , प्रिंट और एसएमएस के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए बीडीओ से संवाद किया और उन्हें भी वांछित निर्देश दिए। अलीगंज , चकाई और झाझा के बीडीओ को भू जलस्तर गिरने के मद्देनजर पेयजल के लिए सजग और सचेत रहने का निर्देश दिया। आपात स्थिति में डायल-112 , 101 और अग्निशमन नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 7485805974 तथा 7485805975 से संपर्क किया जा सकता है। श्री नवीन ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें , पर्याप्त पानी पीते रहें और बच्चों , बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें।डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल , एडीएम रविकांत सिन्हा , एसडीएम सौरव कुमार , ईओ डॉ.प्रियंका गुप्ता , सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ.मेनका कुमारी , कार्यपालक अभियंता ई.प्रिंस कुमार , सहायक अभियंता ई.विकास कुमार आदि ओहदेदार बैठक में उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


