
कन्या उत्थान योजना के डाटा में गड़बड़ी ठीक कराने को उमड़ी छात्राओं की भीड़
आवेदन के लिए पोर्टल खुलने के बाद सामने आई समस्या डिटेल सुधार के लिए अपने
भागलपुर, कार्यालय संवाददाता शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे संबंधित पोर्टल पांच सितंबर तक खुला रहेगा, लेकिन पोर्टल खुलने के साथ ही छात्राओं की समस्याएं शुरू हो गई हैं। जब वे लोग पोर्टल पर आवेदन करने का प्रयास कर रही हैं तो किन्हीं का नाम गलत तो किसी का डिटेल नहीं दिख रहा है। यही नहीं, कई छात्राओं का लॉगिन करने पर एरर दिख रहा है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में छात्राएं विवि पहुंचीं। विवि में भी कई छात्राओं के डाटा के बारे में पता किया गया तो उनकी शिकायत सही मिली।
इस मामले को लेकर काफी संख्या में छात्राएं अपनी शिकायत और आवेदन लेकर परीक्षा नियंत्रक डॉ. कृष्ण कुमार के पास पहुंचीं। उन्होंने अपनी समस्याएं परीक्षा नियंत्रक को बताईं। इस पर परीक्षा नियंत्रक ने संबंधित शाखा के कर्मियों से जानकारी ली तो उन्होंने भी हो रही समस्या के बारे में बताया। हालांकि कर्मियों ने छात्राओं से कहा है कि जिनके डिटेल में त्रुटि हुई है, वे लोग संबंधित कॉलेजों में अपना आवेदन दें। वहां से डिटेल दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही काफी संख्या में भीड़ होने की वजह से छात्राओं का आधार कार्ड और अंकपत्र कर्मियों ने लिया है, ताकि कुछ सुधार किया जा सके। डाटा का एरर बताने की गड़बड़ी की वजह सॉफ्टवेयर और सर्वर की परेशानी कुछ कर्मियों ने बताई। गैलरी में पैर रखने की नहीं थी जगह विवि में सुबह 10 बजे से ही छात्राओं की इतनी भीड़ थी कि प्रशासनिक भवन के बाहर, बरामदे के अलावा परीक्षा विभाग जाने वाली गैलरी में पैर रखने की जगह नहीं थी। गैलरी में सीमेंट की बोरी रखे जाने के कारण और समस्याएं हो रही थीं। कई छात्राएं तो अपने बच्चों के साथ विवि पहुंची थीं, जिन्हें अपनी समस्या बताने के लिए जाने में दिक्कत हो रही थी। कन्या उत्थान शाखा का संचालन इंस्टेट शाखा में हो रहा है, जहां पहले से ही कम जगह है। गैलरी में भारी भीड़ के कारण परीक्षा विभाग, एफओ कार्यालय, एफए कार्यालय, जनरल सेक्शन के भी पदाधिकारी और कर्मियों को आवाजाही में काफी मुश्किल हो रही थी। डाटा मेल नहीं खाने पर परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि जिनके डिटेल में गलती है, वे कॉलेजों में आवेदन करेंगे तो सुधार होगा। साथ ही इस संबंध में विवि द्वारा मुख्यालय से संपर्क कर समस्या बताई गई है। भीड़ को देखते हुए कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




