अतिथि शिक्षक बहाली प्रक्रिया में मिली है गड़बड़ी
रिपोर्ट देखने के बाद कुलपति कार्रवाई के लिए देंगे निर्णय दो कमेटियों ने की है

भागलपुर, वरीय संवाददाता टीएमबीयू में पिछले साल अप्रैल 2025 में बहाल हुए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में विवि की जांच कमेटी को गड़बड़ी मिली है। इस मामले को लेकर दो जांच कमेटियां गठित हुई हैं, दोनों ने अपनी रिपोर्ट विवि प्रशासन को सौंप दी है। अब रिपोर्ट कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा देखेंगे, इसके बाद कमेटी के रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय देंगे। दो कमेटियों में एक कमेटी ने बहाली प्रक्रिया की जांच की तो दूसरी कमेटी ने जो शिकायतें अतिथि शिक्षकों से जुड़े मामलों से विभिन्न जगहों से आई थी, उसे जांचा है।कमेटी के कुछ सदस्यों ने नाम नहीं छापने के शर्त पर बताया कि बहाली प्रक्रिया के लिए जो नियम हैं, उसमें कुछ नियमों का उल्लंघन जांच में मिली है।
इसके अलावा आवेदकों की तरफ से जो आरोप लगाए गए थे, वे भी सही मिले हैं। इसमें आवेदकों का कहना था कि उनके अंकों के साथ हेरफेर किया गया है, अर्हता के मुताबिक वेटेज, इंटरव्यू में अंक में गड़बड़ी, विषय विशेषज्ञ की अनुपस्थिति आदि शामिल थे।एक जांच कमेटी के संयोजक डॉ. नेसार अहमद जबकि सदस्य के रूप में पीजी इकोनॉमिक्स के हेड डॉ. अनिल कुमार तिवारी, पीजी दर्शनशास्त्र के हेड डॉ. पूर्णेंदु शेखर एवं बजट अधिकारी डॉ. एएन सहाय शामिल थे। जबकि दूसरी कमेटी में संयोजक डॉ. कमल प्रसाद थे, जबकि सदस्य के रूप में सिंडिकेट सदस्य डॉ. मुस्फिक आलम एवं पीजी इकोनॉमिक्स के हेड डॉ. अनिल कुमार तिवारी शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


