किशनगंज: इंटरसिटी की रफ्तार पर लगा ब्रेक, रोजाना लेट से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
ठाकुरगंज में सिलीगुड़ी से बालुरघाट के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों को लगातार देरी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले एक सप्ताह से ट्रेनें एक से ढाई घंटे तक लेट चल रही हैं, जिससे यात्रियों की दिनचर्या और कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से सुधार की मांग की है।

ठाकुरगंज, निज संवाददाता। सिलीगुड़ी से बालुरघाट के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस इन दिनों यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। हल्दीबाड़ी तक विस्तार के बाद ट्रेन की समयसारिणी पूरी तरह असंतुलित हो गई है, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।पिछले एक सप्ताह से ट्रेन लगातार देरी से चल रही है। हालात यह हैं कि यात्रियों को प्रतिदिन एक घंटे से लेकर ढाई घंटे तक का इंतजार करना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बल्कि उनके कामकाज और व्यवसाय पर भी सीधा असर पड़ रहा है।स्थिति
से नाराज यात्रियों ने बुधवार को बागडोगरा रेलवे स्टेशन पर शिकायत पुस्तिका में सामूहिक आवेदन दर्ज कर अपनी नाराजगी जताई। यात्रियों का कहना है कि 12 मार्च को ट्रेन करीब सवा घंटे, 13 मार्च को ढाई घंटे, 14 मार्च को एक घंटे और 18 मार्च को भी लगभग एक घंटे की देरी से ठाकुरगंज पहुंची। लगातार हो रही इस देरी ने दैनिक यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है।यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि रेलवे के आधिकारिक मोबाइल ऐप में ट्रेन की सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं हो रही है। ऐप पर गलत या अधूरी जानकारी के कारण यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।दैनिक यात्रियों में हृदय पंडित,शांतो साहा, सजल दास, संतोष झा, मजीद मिया, श्यामल तफतदार, पेमा शेरपा, उत्तम दास, सौमित्र चक्रवर्ती, राज कुमार गांधी, शशांक शेखर, माधुरी कुमारी, मीरा कुमारी, राजेश सिंह एवं पंकज सिंह सहित कई लोगों ने इस समस्या को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की है।यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस के संचालन को समयबद्ध किया जाए। साथ ही, यदि वर्तमान स्थिति में सुधार संभव नहीं है तो वैकल्पिक ट्रेन सेवा शुरू कर यात्रियों को राहत प्रदान की जाए।स्थानीय लोगों का कहना है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण लाइफलाइन है, ऐसे में इसकी अनियमितता से आमजन को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों को अब रेलवे प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


