
लखीसराय: चोरी व अपराध पर अंकुश लगाने को हो रही पैदल-गश्ती
लखीसराय में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर पुलिस ने रात्री में सघन पैदल-गश्ती अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और संकरे गलियों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया गया। अभियान का उद्देश्य अपराधियों में भय पैदा करना है।
लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर सभी थानाध्यक्षों एवं अंचल पुलिस निरीक्षकों द्वारा रात्री में सघन पैदल-गश्ती अभियान चलाया गया। यह अभियान देर रात तक जारी रहा, जिसमें शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले तथा पूर्व में अपराध-प्रवण माने गए इलाकों को विशेष रूप से शामिल किया गया। पैदल-गश्ती के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बाजार क्षेत्रों, आवासीय मोहल्लों, सुनसान सड़कों, बाइपास मार्गों एवं संकरी गलियों में घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस क्रम में गलियों में भी गहन जांच की गई, जहां संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया। अभियान के दौरान वाहनों की भी आकस्मिक जांच की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पैदल-गश्ती का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में भय का माहौल पैदा करना एवं आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने एवं अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। पैदल-गश्ती अभियान से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




