कहलगांव के छह पंचायतों में सघन जांच, कई अनियमितताएं उजागर
कहलगांव, निज प्रतिनिधि। जिलाधिकारी के आदेश पर गठित जांच टीम द्वारा कहलगांव प्रखंड के छह

जिलाधिकारी के आदेश पर गठित जांच टीम द्वारा कहलगांव प्रखंड के छह पंचायतों में विभिन्न योजनाओं एवं संस्थानों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान स्कूल, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस), आंगनबाड़ी केंद्र, जल-नल योजना, पीएचईडी की जलापूर्ति व्यवस्था, आवास योजना, डब्ल्यूपीयू तथा पंचायत सरकार भवन में संचालित आरटीपीएस सेवाओं का निरीक्षण किया गया। जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। अलग-अलग पंचायतों में अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। धनौरा पंचायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन, महेशामुंडा पंचायत में अंचलाधिकारी, रामजानीपुर में बीपीआरओ, एकडरा में सीडीपीओ तथा बीरबन्ना पंचायत में मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी ने निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई खामियां सामने आईं। उत्क्रमित उच्च विद्यालय कटोरिया में छात्रों की उपस्थिति बेहद कम पाई गई, जहां एक दर्जन से भी कम छात्र मौजूद थे, जबकि सभी शिक्षक उपस्थित थे। जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर सूचनापट्ट में उपलब्ध खाद्यान्न की जानकारी प्रदर्शित नहीं की गई थी। आंगनबाड़ी केंद्रों पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा पंचायत में कुल 72 चापानलों में से 14 खराब मिले, जिनमें से दो चापानलों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि जांच के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी जा रही है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


