Bhagalpur News: अररिया: स्वतंत्रता दिवस आज, नेताजी सुभाष स्टेडियम शान से लहराएगा तिरंगा
Bhagalpur News: अररिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को नेताजी सुभाष स्टेडियम में होगा। सुबह 09:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में पुरस्कार वितरण, राष्ट्रगान और विभिन्न स्थानों पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम शामिल हैं। सुरक्षा के सुदृढ़ इंतजाम किए गए हैं।

Bhagalpur News: अररिया, संवाददाता स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को मुख्य प्रशासनिक समारोह जिला मुख्यालय स्थित नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्य समारोह के दौरान जिला प्रभारी मंत्री सह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद सुबह 09:00 बजे ध्वजारोहण करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मुख्य समारोह के दौरान सलामी गारद के निरीक्षण के बाद सुबह 08:55 बजे सबसे पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन होगा, फिर 09:00 बजे प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा और राष्ट्रगान होगा। झंडोत्तोलन और प्रभारी मंत्री के संबोधन के बाद 09:20 बजे पुरस्कार वितरण, 09:35 बजे राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन और 09:40 बजे राष्ट्रगान के बाद 09:45 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम में मुख्य झंडोत्तोलन कार्यक्रम का समापन होगा। बताया गया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10:00 बजे समाहरणालय, 10:10 बजे जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, 10:20 बजे अनुमंडल कार्यालय, 10:30 बजे जिला परिषद और 10:35 बजे नगर थाना में झंडोत्तोलन कार्यक्रम है。
सुरक्षा व्यवस्था किये गये सुदृढ़:
जबकि 10:40 बजे बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और 11:00 बजे पुलिस केंद्र में झंडोत्तोलन का कार्यक्रम निर्धारित है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर डीएम विनोद दूहन और एसपी जितेन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर समारोह स्थल के अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विशेष निगरानी रखने, सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके अलावा प्रभारी मंत्री महोदय, डीएम, एसपी सहित अन्य सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी चिह्नित महादलित टोलों में निर्धारित झंडोतोलन कार्यक्रम में शामिल होंगे।


