अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर का सीएस ने ऑनलाइन किया उद्धाटन
मुंगेर के तारापुर स्थित आईटीआई में टेक्नोलॉजी सेंटर सिस्टम प्रोग्राम (टीसीएसपी) के तहत एक्सटेंशन सेंटर का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ऑनलाइन शुभारंभ किया। केंद्र में अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मुंगेर से राजेश की रिपोर्ट मुंगेर जिले के तारापुर स्थित आईटीआई,मधुरा परिसर में मंगलवार को सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की महत्त्वाकांक्षी योजना टेक्नोलॉजी सेंटर सिस्टम प्रोग्राम (टीसीएसपी) के तहत मुंगेर एक्सटेंशन सेंटर का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी ने पटना के बिहटा से ऑनलाइन माध्यम से संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह में तारापुर एसडीओ राकेश रंजन कुमार,भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष अश्वनी राज उर्फ पिंकू मेहता, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सह जिला बीस सूत्री सदस्य गौतम राज एवं आईटीआई के प्राचार्य शशि कुमार मंडल,आईडीटीआर जमशेदपुर से सुसित कुमार सुमन और एमएसएमई पटना के हर्ष राज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान केंद्र की अत्याधुनिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए प्राचार्य ने बताया कि यहां सीएनसी मशीन, 3डी/एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, लेजर एवं अल्ट्रासोनिक मशीनिंग,रोबोटिक्स, प्रोसेस ऑटोमेशन,मेट्रोलॉजी और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण से जुड़ी तकनीकें उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा नेशनल एससी/एसटी हब समेत विभिन्न योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें युवाओं और उद्यमियों ने गहरी रुचि दिखाई। इस केंद्र के शुरू होने से स्थानीय युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगा। अब उन्हें बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। उद्योगों की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण मिलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, साथ ही स्वरोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा। विशेषज्ञों ने यह भी कहा कि यदि इस तरह के केंद्रों का प्रभावी संचालन और उद्योगों से बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, तो यह क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में मौजूद एसडीओ ने कहा कि तारापुर में स्थापित यह टेक्नोलॉजी सेंटर न केवल उद्योगों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा,बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए द्वार भी खोलेगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


