फाराबाड़ी में मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर भक्ति की लहर
झुनकी मुसहरा पंचायत के फाराबाड़ी शर्मा टोला में श्री श्री 108 राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन शुरू हो गया है। महिलाएं और युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा में शामिल हुईं। 24 जून को नगर भ्रमण एवं शोभा यात्रा होगी, जबकि 25 जून को मंदिर में मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा होगी।

टेढ़ागाछ से शिवम पाठक की रिपोर्ट झुनकी मुसहरा पंचायत के फाराबाड़ी शर्मा टोला में नवनिर्मित श्री श्री 108 राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार से तीन दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आगाज हो गया। कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस आयोजन से पूरा गांव भक्तिमय हो उठा है। मंदिर समिति एवं ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के पहले दिन मंगलवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लिया। सिर पर कलश धारण कर वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धापूर्वक कलश स्थापना की गई। पूरे मार्ग में ‘जय श्री राधे-कृष्ण’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
24 जुन को नगर भ्रमण एवं शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान की आकर्षक झांकी, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। 25 जून, गुरुवार को वैदिक विधि-विधान और विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच श्री राधा-कृष्ण जी की मूर्ति की महा प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि यह मंदिर क्षेत्र के सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर फाराबाड़ी सहित आसपास के गांवों में जबरदस्त उत्साह है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। समिति एवं समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी सनातनी भाई-बहनों से कलश यात्रा, नगर भ्रमण एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने और भगवान श्री राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


