लखीसराय : जिले के सभी पंचायत में हो सरकार भवन, जमीन उपलब्धता की जानकारी
लखीसराय में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 16 ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। 11 पंचायतों के लिए भूमि उपलब्ध है, जबकि 5 पंचायतों के लिए अभी भूमि की व्यवस्था नहीं हो पाई है।

लखीसराय । एक प्रतिनिधि शनिवार को मंत्रणा कक्षा में पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर जिला पदाधिकारी लखीसराय मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में पंचायत सरकार भवन निर्माण से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इस क्रम में बताया गया कि जिले के कुल 16 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। इनमें से 11 पंचायतों के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है, जबकि शेष 5 पंचायतों के लिए अभी तक भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पंचायतों के मुखिया को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से आवश्यक पहल करते हुए पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन कर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जहां-जहां भवन निर्माण विभाग द्वारा पंचायत सरकार भवन का निर्माण प्रस्तावित है, वहां ग्राम पंचायत के सहयोग से कार्यों को समन्वित रूप से आगे बढ़ाया जाए। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आम जनता को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक में यह भी बताया गया कि ग्राम पंचायतों द्वारा बनाए जाने वाले पंचायत सरकार भवनों के लिए प्राक्कलन तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संदर्भ में पंचायत सरकार भवनों का प्राक्कलन तैयार कर स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को उपलब्ध करा दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत सरकार भवन निर्माण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा कार्यों की नियमित रूप से समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के मुखिया उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


