लखीसराय : अवैध पोस्टर-बैनरों से पटा शहर, कार्रवाई को लेकर नगर परिषद सुस्त

Mar 06, 2026 05:23 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

लखीसराय में मुख्य बाजार, कलेक्ट्रेट रोड और विद्यापीठ चौक पर अवैध पोस्टर और बैनर लगे हैं। नगर परिषद की अनुमति के बिना लगाए गए इन प्रचार सामग्रियों से शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है और सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है। नगर परिषद ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

लखीसराय : अवैध पोस्टर-बैनरों से पटा शहर, कार्रवाई को लेकर नगर परिषद सुस्त

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। शहर के मुख्य बाजार, कलेक्ट्रेट रोड, विद्यापीठ चौक सहित अन्य व्यस्त इलाकों में अवैध रूप से लगाए गए पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स की भरमार हो गई है। बिना अनुमति के जगह-जगह लगाए गए इन प्रचार सामग्रियों से जहां शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, वहीं सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है। नगर परिषद के नियमों के अनुसार किसी भी स्थान पर पोस्टर, बैनर या होर्डिंग लगाने से पहले परिषद से अनुमति लेना और निर्धारित टैक्स का भुगतान करना अनिवार्य है, लेकिन इसके बावजूद कई दुकानों, संस्थानों और निजी संगठनों द्वारा बिना अनुमति के प्रचार सामग्री लगा दी गई है।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बिजली के खंभों, दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध बैनर और पोस्टर लगाए जाने से लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग के कर्मियों को भी कार्य करने में दिक्कतें आती हैं, क्योंकि कई स्थानों पर बिजली के खंभों और तारों के बीच होर्डिंग बांध दिए जाते हैं। इससे मरम्मत या अन्य तकनीकी कार्य के दौरान जोखिम भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की ओर से समय-समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध पोस्टर-बैनर लगाने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। नियम के मुताबिक बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है, लेकिन फिलहाल इस दिशा में सख्ती नजर नहीं आ रही है। इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन ने बताया कि कार्यालय में यह पता लगाया जा रहा है कि किन लोगों ने अनुमति लेकर होर्डिंग लगाए हैं। यदि जांच के दौरान कहीं भी अवैध रूप से पोस्टर, बैनर या होर्डिंग लगाए जाने की बात सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई लोगों द्वारा आवेदन देकर होर्डिंग लगाने की अनुमति ली गई है, लेकिन बिना अनुमति लगाए गए प्रचार सामग्रियों पर भी सख्त कदम उठाया जाएगा। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि शहर के सौंदर्यीकरण और सरकारी राजस्व की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जल्द ही अवैध पोस्टर-बैनरों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।