Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsHorrific Road Accident in Kishanganj Tractor Collides with Motorcycle Three Injured
किशनगंज: टेढ़ागाछ में ट्रैक्टर-बाइक की भीषण टक्कर

किशनगंज: टेढ़ागाछ में ट्रैक्टर-बाइक की भीषण टक्कर

संक्षेप:

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ में बुधवार रात को ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच भयानक टक्कर हुई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Nov 27, 2025 05:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

टेढ़ागाछ। किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदी चौक पर बुधवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा घटित हुआ। ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैलाकर रख दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन अत्यधिक रफ्तार में थे, जिसके कारण आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण हुई कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क किनारे दूर जाकर गिर पड़े और कुछ समय तक अचेत अवस्था में पड़े रहे। घटना होते ही भीड़ जमा हो गई और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना टेढ़ागाछ पुलिस को दी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सूचना मिलते ही सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ भेजा गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। घायलों की पहचान प्यारेलाल आलम (45), फैज आलम (48) और गुफरान आलम (35) के रूप में हुई है। तीनों अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के कलियागंज के निवासी बताए जाते हैं। सहायक थाना अध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को जप्त कर लिया गया है। ट्रैक्टर तथा सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। उनका कहना है कि सीमा सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटना की गंभीरता और लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब तक यातायात नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया जाएगा, तब तक ऐसी दुर्घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी बरतें और तेज रफ्तार से बचें, ताकि दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।