पूर्णिया: होली पर परदेसियों की घर वापसी तेज, पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर बढ़ी भीड़
पूर्णिया में होली के नजदीक आते ही प्रवासी मजदूरों की घर वापसी तेज हो गई है। लोग ट्रेनों से अपने गांव लौट रहे हैं, जिससे पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई है। होली अपने घर मनाने की चाह में यात्री लंबी दूरी तय कर रहे हैं। स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। होली पर्व नजदीक आते ही परदेश में काम करने वाले लोगों की घर वापसी तेज हो गई है। रंगों के इस त्योहार को परिवार के साथ मनाने की चाह में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर और कर्मचारी ट्रेनों से अपने गांव लौट रहे हैं। इसका असर पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन पर साफ दिख रहा है, जहां इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से लेकर देर शाम तक विभिन्न शहरों से आने वाली ट्रेनों में खासी भीड़ देखी जा रही है। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही यात्री जल्द से जल्द उतरकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आते हैं।
स्टेशन परिसर के साथ-साथ बाहर ऑटो और ई-रिक्शा स्टैंड पर भी लंबी कतारें लग रही हैं। कई यात्रियों ने बताया कि सीट मिले या नहीं, इससे फर्क नहीं पड़ता, लेकिन होली अपने घर पर ही मनानी है। लंबी दूरी की सीधी ट्रेन सुविधा नहीं होने के बावजूद लोग सहरसा या पटना तक पहुंचकर वहां से ट्रेन बदलकर पूर्णिया कोर्ट स्टेशन आ रहे हैं। भीड़ और असुविधा के बावजूद घर पहुंचने की उत्सुकता कम नहीं हो रही है। होली की वजह से स्थानीय बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। बाहर से लौट रहे लोगों के कारण खरीदारी तेज हो गई है और व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी दिख रही है। कुल मिलाकर होली के रंग से पहले ही पूर्णिया शहर में उत्सव का माहौल बनता नजर आ रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


