
पूर्णिया: 14 से 29 सितंबर तक मनाया जायेगा हिंदी पखवाड़ा
पूर्णिया में सशस्त्र सीमा बल के मुख्यालय में 14 से 29 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। उप-महानिरीक्षक ने हिंदी के महत्व के बारे में बताया कि 14 सितंबर 1949 को हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप...
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। सशस्त्र सीमा बल क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के प्रांगण में बल मुख्यालय के निर्देशानुसार 14 सितंबर से 29 सितम्बर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसका आज आगाज किया गया। इस दौरान महानिदेशक द्वारा दिए गए सन्देश को उप- महानिरीक्षक द्वारा पढ़ कर उपस्थित सभी बलकर्मियों को अवगत कराया गया। उप-महानिरीक्षक द्वारा बताया गया 14 सितंबर हिंदी भाषा के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। क्योंकि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को भारत संघ की राजभाषा के रूप में अंगीकार किया। इसके परिणामस्वरूप, 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343(1) के अनुसार हिंदी को संघ सरकार की राजभाषा घोषित किया गया और इसकी लिपि देवनागरी निर्धारित की गई।

हिंदी, देश को एकता के सूत्र में बांधने वाली भाषा है। यह केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भावनाओं की अभिव्यक्ति है। आम बोलचाल की भाषा होने के कारण, हिंदी पूरे देश में संपर्क भाषा का कार्य कर रही है। हमें अपने सरकारी कामकाज को अधिक से अधिक हिंदी में करने की आवश्यकता है। ताकि हिंदी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके। हिंदी हमारी सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का मूल आधार है और प्राचीन सभ्यता और आधुनिक प्रगति के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करती है। आजकल कंप्यूटर और अन्य उपकरणों की व्यापक उपलब्धता के कारण हिंदी में काम करना पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल हो गया है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम स्वेच्छा से शासकीय कार्यों में हिंदी का अधिकतम प्रयोग करें। सरकारी कामकाज में हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि यह भारत की संस्कृति के सभी तत्वों की अभिव्यक्ति का माध्यम बन सके। हिंदी में कार्य करना आसान है और इसमें वरिष्ठ अधिकारी स्वयं हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करके अधीनस्थ कर्मचारियों को भी प्रेरित और प्रोत्साहित कर सकते हैं। कार्यक्रम में क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के द्वितीय कमान अधिकारी(प्रशासन) संजीव कुमार, उप-कमान्डेंट पवन कुमार शर्मा, उप-कमान्डेंट अमित कुमार सिंह, उप-कमान्डेंट संचार गुरुमयुम जदुमानी शर्मा, सहायक कमान्डेंट संभु नाथ बर्मन आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


