मुंगेर : शासकीय कार्यों में हिंदी की अधिकाधिक प्रयोग की आवश्यकता: अरुण
रविवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, रमनकाबाद में हिंदी दिवस मनाया गया। प्राचार्य अरुण कुमार ने कार्यक्रम की शुरुआत भारतेन्दु हरिश्चन्द्र के चित्र पर माल्यार्पण से की। उन्होंने हिंदी की महत्ता को रेखांकित...

हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। रविवार को नगर के रमनकाबाद स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्राचार्य अरुण कुमार के मार्गदर्शन में हिंदी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य समेत विद्यालय के शिक्षकों ने आधुनिक हिंदी के पुरोधा भारतेन्दु हरिश्चन्द्र के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत हिंदी प्रशस्ति गीत से हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रभाषा के रूप में हिंदी के महत्त्व को रेखांकित करते हुए प्राचार्य अरूण कुमार ने कहा कि मातृभाषा के रूप में हिंदी बोलने वाले लोगों में हिंदी के प्रति हीनता ग्रंथि को दूर करने की आवश्यकता है। उन्होंने भारत जैसे बहुभाषी देश में संपर्क भाषा के रूप हिंदी की वकालत करते हुए इसके प्रसार में नवोदय विद्यालयों की भूमिका की सराहना की।
अभिव्यक्ति की सरलता की दृष्टि से हिंदी भाषा में भाव और विचारों की सहजता का उल्लेख करते हुए उन्होंने शासकीय कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। हिंदी शिक्षक अजय कुमार ने भाषा को सभ्यता और संस्कृति का वाहक बताते हुए विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय के समृद्ध पुस्तकालय में उपलब्ध पाठ से इतर हिंदी साहित्य की पुस्तकों के परायण की प्रेरणा दी। पखवाड़े भर चलने वाले इस आयोजन में काव्य पाठ प्रतियोगिता, अनुवाद प्रतियोगिता, सुलेखन प्रतियोगिता और हिन्दी प्रश्नोत्तरी आदि प्रतियोगिताएं हिन्दी विषय शिक्षक एसके नीरज, अजय कुमार और उमर पाल के निर्देशन में संपन्न हुआ। निर्णायक मंडली में केसी कुमार, राकेश कुमार, नेहा कुमारी और सुजीत चौबे शामिल थे। कार्यक्रम में पीके सुंदरम,संजय कुमार, संगीत शिक्षक राजीव कुमार, कला शिक्षिका निधि कौशल, पुस्तकालयाध्यक्ष दिलीप कुमार, सीसीए कप्तान मनीष कुमार और रागिनी कुमारी, का सक्रिय सहयोग सराहनीय रहा। इस मौके पर विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




