किशनगंज : सीमावर्ती गांव में घुसा हाथियों का झुंड
शुक्रवार शाम, नेपाल से आए हाथियों का झुंड मोहामारी गांव में घुस आया, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। करीब डेढ़ घंटे तक हाथी गांव में घूमते रहे। वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर हाथियों को वापस नेपाल भेज दिया। इस घटना से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है।

दिघलबैंक। एक संवाददाता शुक्रवार की शाम ढलते ही नेपाल से आए हाथियों की झुंड दिघलबैंक प्रखंड के धनतोला पंचायत के मोहामारी गांव में घुस आने से गांव में अफरातफरी मच गई। करीब डेढ़ घंटे तक हाथियों का झुंड गांव की आबादी के बीच घूमता रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वन विभाग की टीम और ग्रामीणों की मदद से हाथियों को खदेड़कर वापस नेपाल की ओर भेज दिया गया।बताया जाता है कि करीब 9 हाथियों की झुंड भागोडुब्बा नदी के रास्ते नेपाल सीमा पार कर मक्का के खेतों से होते हुए खोंसीटोला, जानकी चौक, मोहामारी और देवनाथ टोला गांव में अचानक घुस आया।
हाथियों को देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए और लोग बचाव के लिए शोर मचाने लगे। सैकड़ों ग्रामीण टॉर्च, भोंपू और अलाव लेकर सड़कों पर इकट्ठा हो गए तथा हाथियों को गांव से दूर भगाने का प्रयास करने लगे।इसी दौरान किशनगंज से हाथियों पर नजर रखने के लिए धनतोला पहुंचे वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को वापस नेपाल की ओर खदेड़ दिया। हालांकि इस दौरान मोहामारी गांव के वार्ड संख्या 1 निवासी मो. सुलेमान के पक्के मकान की दीवार को हाथियों ने गिरा दिया। धनतोला कि पंचायत समिति सदस्य अरुण देव गिरी ने बताया कि यह पहली बार देखा गया है कि शाम ढलते ही हाथियों का झुंड गांव में घुस आया। उन्होंने कहा कि जिस तरह घनी आबादी के बीच एक साथ 9 हाथियों का झुंड पहुंच गया, यदि ग्रामीण पहले से सतर्क नहीं होते तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।घटना के बाद से मोहामारी सहित आसपास के गांवों के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण रात के समय हाथियों के फिर से आने की आशंका को लेकर सतर्क हैं। वहीं वन विभाग की टीम भी इलाके में नजर बनाए हुए है, ताकि हाथियों की गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


