
भोलानाथ पुल अंडरपास में जलजमाव से परेशानी
स्कूल जाने वाले बच्चों को हुई दिक्कत बौंसी रेल पुल में भी जलजमाव से परेशानी
भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर में रविवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद भोलानाथ पुल अंडरपास में जलजमाव का पानी सोमवार देर शाम तक पूरी तरह से निकाला भी नहीं गया था कि शाम के वक्त दोबारा हुई बारिश ने फिर से लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह के समय हुए जलजमाव का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को भुगतना पड़ा। इधर भोलानाथ पुल का वैकल्पिक रास्ता भीखनपुर गुमटी नंबर 12 होकर शहर में प्रवेश करता है वह भी वाहनों के दबाव से पूरी तरह जाम हो गया। जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच कार्यालय निकलने वाले लोग भी इसी परेशानी से जूझते रहे। इधर दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम से भोलानाथ पुल अंडरपास में पानी निकालने के लिए डिसेल्टिंग मशीन भेजी गयी। शाम तक वहां से पानी निकाला ही गया था कि शाम के वक्त दोबारा हुई बारिश ने फिर अंडरपास में पानी भर दिया। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी तरह की समस्या बौंसी रेल पुल और गोराडीह रोड पर स्थित बौंसी रेल पुल अंडरपास में लोगों को झेलनी पड़ी। स्वास्थ्य शाखा प्रभारी ने बताया कि सुबह के वक्त डिसेल्टिंग मशीन भेज कर भोलानाथ पुल अंडरपास से पानी की निकासी कराई गई। शाम के वक्त भी मौके पर डिसेल्टिंग मशीन भेजी गयी थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




