बांका: पापहरनी सरोवर से निकली कलश यात्रा के साथ भागवत कथा आरंभ
बौंसी प्रखंड के झपनिया गांव में रविवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आरंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। श्रद्धालु महिलाओं ने पापहरनी सरोवर से जल भरकर शोभायात्रा निकाली। विधायक पूरनलाल टुडू ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कथावाचक गोपाल ओझा भाई जी महाराज कथा का वाचन करेंगे।

बौंसी। निज संवाददाता बौंसी प्रखंड के झपनिया गांव में रविवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आरंभ भव्य कलश यात्रा के साथ विधिवत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रविवार की पापहरनी सरोवर से निकाली गई कलश शोभायात्रा से हुई। श्रद्धालु महिलाओं ने पापहरनी सरोवर से कलश में जल भरकर आयोजन स्थल तक यात्रा निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति गीत, शंखध्वनि और जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इस धार्मिक अनुष्ठान में यजमान के रूप में ब्रह्मदेव मांझी तथा सुनैना देवी हैं। कार्यक्रम में कथावाचक गोपाल ओझा भाई जी महाराज के सानिध्य में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
कथा का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित किया गया है इससे पूर्व शनिवार की संध्या कटोरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक पूरनलाल टुडू ने कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना को बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में व्यवसायि संघ के अध्यक्ष राजू सिंह, आयोजन समिति के अध्यक्ष ब्रह्मदेव मांझी, सचिव रामप्रसाद यादव, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार मांझी सहित उमेश परैया, परशुराम परैया लाल बाबा, सहदेव परैया तथा ग्रामीण सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


