Bhagalpur News: लखीसराय: युवा शक्ति, युवा विकास’ की थीम पर सजे कार्यक्रम
Bhagalpur News: स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के अवसर पर लखीसराय में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और अन्य अधिकारियों ने किया। 'युवा शक्ति, युवा विकास' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किए और समर्पण का संदेश दिया।

Bhagalpur News: लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के अवसर पर शनिवार की देर संध्या नगर भवन, लखीसराय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, एडीएम नीरज कुमार, एसडीएम प्रभाकर कुमार, जिला अध्यक्ष दीपक कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम की थीम ‘युवा शक्ति, युवा विकास’ रखी गई। इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं को आगे बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने तथा देश को विश्व गुरु बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वे कहीं भी रहें, लखीसराय और यहां की जनता से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि शाम में जनता के बीच पहुंचकर बच्चों की प्रस्तुतियों का आनंद लेना उनके लिए सुखद अनुभव है। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में उद्घोषक शिक्षक सुशांत कुमार के निर्देशन तथा कला संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद कस्तूरबा विद्यालय हलसी की छात्राओं ने तिरंगा गायन, कुमार प्रोग्रेसिव रामगढ़ की टीम ने समूह नृत्य और राजकीय प्लस टू विद्यालय हलसी के विद्यार्थियों ने समूह ड्रिल प्रस्तुत किया।स्वरसाधना गुरुकुल बड़हिया के कलाकारों ने समूह गायन, रामकृष्ण रेसिडेंशियल स्कूल ने ‘मितवा’ पर समूह नृत्य, लाल इंटरनेशनल स्कूल ने ‘सारे जहां से अच्छा’ और डीएवी लखीसराय ने देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। श्री दुर्गा बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने कजरी पर समूह नृत्य पेश किया।प्लस टू उच्च विद्यालय बड़हिया की छात्राओं ने ‘नशाबंदी’ की थीम पर प्रस्तुति देकर नशामुक्त समाज और ‘नशामुक्त मेरा बिहार’ का संदेश दिया। एमटी डांस एकेडमी ने ‘माई तेरी चुनरिया’ तथा सचिन कुमार ने एकल प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान नगर भवन में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।


