
सरकारी विद्यालयों में अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी 29 को
बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों से अभिभावकों को अवगत कराया जाएगा भागलपुर, वरीय संवाददाता।
भागलपुर, वरीय संवाददाता। शिक्षा विभाग के निर्णय के अनुसार 29 नवम्बर को सरकारी विद्यालयों में हर बच्चा होगा अब स्कूल का हिस्सा तथा निपुण बनेगा बिहार हमारा दोनों थीम पर अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इससे संबंधित अधिसूचना विभाग की प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला ने भागलपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी व डीपीओ एसएसए को दी। डीपीओ एसएसए बबीता कुमारी ने बताया कि जिले के स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि अधिक से अधिक अभिभावक संगोष्ठी में भाग लें। अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों से अवगत कराया जाए। पत्र के अनुसार मई 2025 से बिहार के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में वार्षिक कैलेंडर के अनुसार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
चूंकि 27 सितम्बर 2025 को निपुण बनेगा बिहार हमारा पर आधारित अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन पर्व-त्योहारों की व्यस्तता के कारण स्थगित किया गया था। इसलिए अभिभावकों को यह अवगत कराया जाना जरूरी है कि बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान किसी व्यक्ति के जीवन की आधारशिला होती है। इसे सुदृढ़ करके ही हम अपने बच्चों को एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य प्रदान कर सकते हैं। शिक्षक अभिभावकों से चर्चा करेंगे कि प्रत्येक बच्चे को पढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराएं, बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजें, घर में पढ़ने में सहायता प्रदान करें। हर बच्चे के सीखने की अपनी गति होती है, अन्य बच्चों से तुलना नहीं करें। छोटी-छोटी गलतियों पर डांट-फटकार नहीं करें। टीवी, मोबाइल का उपयोग सीमित करके बच्चे को किताब, पत्रिका आदि से जोड़ें। गोष्ठी में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर चर्चा होगी। शिक्षक यह संदेश दें कि सभी अभिभावक अपने-अपने बच्चे को भोजन कराकर ही विद्यालय भेजें। स्कूलों को कहा गया है कि राज्य स्तर से उपलब्ध कराए गए गूगल फॉर्म में संगोष्ठी की गतिविधियों की जानकारी अवश्य प्रदान करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




