सहयोग शिविर में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

ठाकुरगंज प्रखंड में विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने के लिए सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने कुकुरबाधी पंचायत में शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। 1 से 18 मई तक 74 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 64 का निष्पादन हो चुका है।

सहयोग शिविर में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

ठाकुरगंज से राजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सरकार द्वारा प्रत्येक प्रखंड में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ठाकुरगंज प्रखंड के कुकुरबाधी पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किशनगंज प्रभारी मंत्री सह ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार गांव-गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 33 दिनों के भीतर नहीं होने पर संबंधित विभागीय अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

वहीं विधायक गोपाल अग्रवाल ने सीमावर्ती एवं बिहार के अंतिम छोर पर बसे कुकुरबाधी पंचायत के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की छोटी से छोटी समस्या के समाधान के लिए वे हमेशा जनता के साथ खड़े हैं। जिलाधिकारी विशाल राज ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है, लेकिन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शिविर के दौरान स्थानीय बच्चियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी प्रस्तुति दी गई, जिसे लोगों ने काफी सराहा। जानकारी के अनुसार, एक से 18 मई तक आयोजित सहयोग शिविर में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 64 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। शिविर में लोगों ने जल-नल योजना, बिजली, जन वितरण प्रणाली, पंचायत व्यवस्था एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी सौंपे। मौके पर नौशाद आलम, अधिवक्ता सह भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल किशोर यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष अतुल सिंह, जदयू वरिष्ठ नेता अहमद हुसैन, एसडीएम अनिकेत कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।