
खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में लगी आग, दो घर जलकर राख
नाथनगर के अजमेरीपुर बैरिया गांव में एक गैस सिलेंडर में आग लगने से दो घर जल गए। घटना के दौरान, छात्र चंद्रमोहन कुमार ने साहस दिखाते हुए जलते हुए घर से सिलेंडर निकाला, जिससे बड़े विस्फोट से बचा जा सका। हालांकि, वह झुलस गया और उसका इलाज चल रहा है।
नाथनगर। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि थाना क्षेत्र के अजमेरीपुर बैरिया गांव में बुधवार देर शाम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से दो घर जलकर राख हो गए। आग सबसे पहले अमित मंडल में लगी। पीड़िता संजू देवी ने बताया कि आज ही नया गैस सिलेंडर भरवाकर लाया गया था। शाम को खाना बनाने के दौरान अचानक गैस लीकेज हुआ और सिलेंडर में आग पकड़ ली। आग की लपटें तेज होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और पास के कांतलाल मंडल के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। कांतलाल मंडल की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि वे किसान परिवार से हैं और कर्ज चुकाने के लिए पांच लाख रुपये जमा कर रखे थे, जो इस हादसे में नष्ट हो गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमन दल ने ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। छात्र की बहादुरी से रुका आगलगी की घटना वहीं आगलगी की घटना में अजमेरीपुर गांव के छात्र चंद्रमोहन कुमार उर्फ सनोज ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। उसने जलते हुए घर में घुसकर आग लगे सिलेंडर को बाहर निकाला, जिससे बड़ा विस्फोट और दर्जनों घरों के जलने से बच गए। हालांकि सिलेंडर निकालने के दौरान वह झुलस गया। उसका इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। चंद्रमोहन ने बताया कि पहले भी उनके गांव में आग लगने से पूरा गांव जल चुका है, इसलिए उसने दोबारा ऐसी घटना न हो, इसी सोच के साथ जान जोखिम में डालकर सिलेंडर बाहर निकाला।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




