सहरसा: सिलेंडर ब्लास्ट से घर व मेडिकल दुकान राख

Mar 14, 2026 04:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

शुक्रवार रात सिमरी बख्तियारपुर के मुरलाडीह गांव में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से एक घर और मेडिकल दुकान जलकर राख हो गई। विस्फोट के समय घर में खाना पकाया जा रहा था। आग की लपटों में तीन लाख रुपये से अधिक नकदी और घरेलू सामान जल गए। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की।

सहरसा: सिलेंडर ब्लास्ट से घर व मेडिकल दुकान राख

सलखुआ, संवाद सूत्र। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के कोसी दियारा स्थित कनरिया थाना क्षेत्र के कठडूमर पंचायत के वार्ड संख्या-02 मुरलाडीह गांव में शुक्रवार रात करीब दस बजे गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक घर और मेडिकल दुकान जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मुरलाडीह में विक्रम यादव के घर में खाना पकाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि देखते ही देखते घर में आग फैल गई और वहां चल रही दवाई की दुकान भी उसकी चपेट में आ गई।

आग की लपटों में घर में रखे तीन लाख रुपये से अधिक नकदी, दवाइयां और घरेलू सामान जलकर खाक हो गए। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान धधकती आग के बीच सिलेंडर के दोबारा फटने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह आग पर काबू पा लिया। बताया जाता है कि विक्रम यादव मूल रूप से खगड़िया जिले के शहरबन्नी गांव के रहने वाले हैं। वे जीविकोपार्जन के लिए मुरलाडीह में किराये के मकान में मेडिकल दुकान चलाते थे और उसी परिसर में परिवार के साथ रहते थे। कनरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद अंचलाधिकारी को इसकी जानकारी दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।