Bhagalpur News: सड़क किनारे कट रही गंगा कटाव से उजड़े 15 परिवारों की जिंदगी
Bhagalpur News: बिहपुर के छोटी अलालपुर में गंगा का जलस्तर घटने के साथ कटाव ने 15 घरों को निगल लिया है। कई अन्य घर कटाव के मुहाने पर हैं। प्रभावित परिवार सड़क किनारे और अन्य जगहों पर रहने को मजबूर हैं। मकान, दुकान और रोजगार गंवाने से भोजन, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट गहरा गया है। प्रभावितों ने पुनर्वास की मांग की है।

Bhagalpur News: बिहपुर, संवाद सूत्र। गंगा का जलस्तर घटने के साथ ही खरीक प्रखंड की राघोपुर पंचायत के छोटी अलालपुर में कटाव पीड़ितों की जिंदगी बिखर गई है। गंगा की तेज धारा अब तक 15 घरों को निगल चुकी है। कई अन्य घर कटाव के मुहाने पर हैं। किसी का वर्षों की मेहनत से बना मकान नदी में समा गया, तो किसी की दुकान और रोजगार का साधन छिन गया। जिन घरों में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब गंगा की लहरें कहर बरपा रही हैं। बेघर हुए परिवार सड़क किनारे और इधर-उधर शरण लेकर दिन काटने को मजबूर हैं। किसी के सिर पर छत नहीं है, तो किसी के पास परिवार का पेट भरने का पक्का इंतजाम नहीं है।
कटाव से उजड़े परिवारों की मुश्किलें
घर के साथ छिन गया परिवार पालने का सहारा
उदय मंडल ने कहा कि गंगा कटाव ने लोगों से उनका आशियाना ही नहीं, बल्कि जीवन भर की कमाई भी छीन ली है। जिन लोगों के मकान के साथ दुकान और रोजगार के साधन भी नदी में समा गए, उनके सामने परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। घर उजड़ने के बाद परिवार को कहां रखें और बच्चों को क्या खिलाएं, यही चिंता दिन-रात सताती रहती है।
बचे घरों पर भी मंडरा रहा खतरा
बचे घरों में भी हर पल अनहोनी का डर
घूरन यादव ने कहा कि कटाव के कारण छोटी अलालपुर के लोगों की रातों की नींद उड़ गई है। जिन परिवारों के घर अभी बचे हुए हैं, वे भी हर पल इस डर में जी रहे हैं कि पता नहीं कब गंगा उनका आशियाना भी निगल जाए। कई परिवार जरूरी सामान समेटकर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि घर उजड़ने के बाद लोगों के सामने रहने की जगह, भोजन और जरूरी सामान जुटाने की समस्या खड़ी हो गई है।
बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर संकट
घर उजड़ा तो बच्चों के भविष्य पर भी संकट
मनोहर मंडल ने कहा कि घर उजड़ने का दर्द वही परिवार समझ सकता है, जिसने अपनी आंखों के सामने वर्षों की मेहनत को गंगा में समाते देखा है। बेघर हुए परिवारों के सामने अब बच्चों की पढ़ाई, भोजन और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की चिंता है। सुरक्षित ठिकाना नहीं होने से बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। विस्थापन के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की आशंका है।
प्रभावित परिवारों ने रखी पुनर्वास की मांग
कब तक सड़क किनारे गुजरेंगे दिन
अमर कुमार ने कहा कि जिन परिवारों ने वर्षों तक मेहनत कर अपना घर बनाया था, आज वही परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घर और जमा-पूंजी गंवाने के बाद दोबारा जीवन शुरू करना उनके लिए आसान नहीं है। कटाव प्रभावित परिवारों को यह भी पता नहीं है कि वे अगले दिन कहां रहेंगे। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी बचाव कार्य नहीं हुआ तो कटाव के मुहाने पर खड़े अन्य परिवारों को भी अपना घर छोड़ना पड़ सकता है।
दुर्गापूजा के बाद एनएच-31 जाम की चेतावनी
दुर्गापूजा के बाद एनएच-31 जाम करेंगे
मिथलेश क्रांति ने सरकार से मांग की कि गंगा में जिन लोगों के घर समा गए हैं, उन्हें तत्काल रहने के लिए सुरक्षित जगह उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि घर उजड़ने के बाद प्रभावित परिवार दर-दर भटक रहे हैं। इसके बावजूद अब तक उनके पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कहा कि यदि बेघर परिवारों को रहने के लिए जगह उपलब्ध नहीं कराई गई तो दुर्गापूजा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-31 जाम किया जाएगा।


