लखीसराय : किऊल स्टेशन पर मालगाड़ी पटरी से उतरी, राहत कार्य जारी
लखीसराय के किऊल जंक्शन पर सोमवार रात एक मालगाड़ी का डब्बा पटरी से उतर गया। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन बोगी को खाली करने और ट्रैक मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। रेलवे प्रशासन ने स्थिति का...

लखीसराय, एक प्रतिनिधि। जिले के किऊल जंक्शन पर सोमवार की देर रात संटिंग के दौरान एक मालगाड़ी का डब्बा पटरी से उतर गया। जानकारी के अनुसार रात करीब 11:45 बजे एक मालगाड़ी का डब्बा अचानक पटरी से उतरकर पलट गया। हादसा कैसे हुआ इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि जिस समय दुर्घटना हुई, उस दौरान बोगी से सामान उतारने के लिए यार्ड मे लाने का कार्य किया जा रहा था। इसी बीच डब्बा असंतुलित होकर पलट गया और सिग्नल पोल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया।
देर रात करीब 2:00 बजे एडीआरएम राजीव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत और मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया। इसके उपरांत मंगलवार कि सुबह करीब 7:00 बजे डीआरएम भी मौके पर पहुंचे और सभी पहलुओं की गहन जांच की। उन्होंने तकनीकी टीम के साथ मिलकर निरीक्षण करने के बाद राहत कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाने का आदेश दिया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसे में मालगाड़ी की बोगी संख्या 12284, जो पीछे से तीसरे स्थान पर थी, वह पूरी तरह पटरी से नीचे उतर गई। इस वजह से ट्रैक बाधित हो गई और नजदीकी ब्लॉकों पर भी असर पड़ा। फिलहाल मजदूरों की टीम द्वारा पलटी हुई बोगी को खाली करने का कार्य किया जा रहा है ताकि उसे उठाकर पुनः ट्रैक से हटाया जा सके। साथ ही सिग्नल पोल की मरम्मत का काम भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से डीआरएम का सैलून लखीसराय स्टेशन पर ही रोक दिया गया, जबकि एडीआरएम का सैलून कियूल स्टेशन पर लगाया गया। हालांकि अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से परहेज किया और कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकता बोगी को सुरक्षित तरीके से हटाने और जल्द से जल्द सामान्य करने पर दी जा रही है। राहत कार्य लगातार जारी है और उम्मीद की जा रही है कि ट्रैक को शीघ्र दुरुस्त कर दिया जाएगा। रेलवे सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल राहत और मरम्मत कार्य को लेकर कियूल जंक्शन पर अधिकारियों व कर्मियों की तैनाती की गई है। इस दुर्घटना से यात्रियों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई है, लेकिन मालगाड़ी के संचालन पर अस्थायी असर पड़ा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




