ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुरबाइक चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला, दारोगा समेत चार जवान घायल

बाइक चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला, दारोगा समेत चार जवान घायल

खगड़िया के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के जेल रोड के समीप बुधवार की दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार के टकराने के बाद असामाजिक तत्वों ने एक दारोगा व होमगार्ड जवानों की पिटाई कर...

बाइक चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला, दारोगा समेत चार जवान घायल
खगड़िया। नगर संवाददाताWed, 30 Jan 2019 09:50 PM
ऐप पर पढ़ें

खगड़िया के चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के जेल रोड के समीप बुधवार की दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार के टकराने के बाद असामाजिक तत्वों ने एक दारोगा व होमगार्ड जवानों की पिटाई कर दी। 

इससे दारोगा नंद किशोर कुमार सहित चार होमगार्ड जवान दीपनारायण साह, शंभू सिंह, लालमोहन मंडल, विजय पासवान घायल हो गये। वहीं घटना के बाद पुलिस जीप छोड़़कर भाग निकली। बाइक की टक्कर में परमानंदपुर के रविन्द्र पासवान व बुधवाधार के पुरूषोत्तम कुमार भी घायल हैं। सभी घायलों का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया।
 
बुधवार को चित्रगुप्तनगर पुलिस जेल रोड के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान परमानंदपुर से बाइक पर आ रहे रविन्द्र पासवान को पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन उसने बचकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रहे बुधवाधार के पुरुषोत्तम कुमार की बाइक से वह टकरा गया। इससे दोनों घायल हो गए। दोनों घायलों को देखने जैसे ही पुलिस पहुंची कि कुछ युवकों ने हमला कर दिया। इसमें कुछ महिलाएं भी थी। इससे ड्यूटी पर तैनात एसआई व चार होमगार्ड के जवान घायल हो गए। 

जख्मी एसआई ने कहा, सामने आने पर पहचान लेंगे
पुलिसकर्मियों से मारपीट की सूचना चित्रगुप्तनगर व मुफस्सिल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थानाध्यक्ष संतोष कुमार सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस जीप और दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइक लेकर थाना पहुंची। जख्मी एसआई नंदकिशोर कुमार ने कहा कि हमला करने वालों को वे लोग पहचान चुके हैं। हालांकि किसी का नाम नहीं जानते हैं,लेकिन सामने आने पर सभी को पहचान लिया जाएगा। इधर इस संबंध में मामला दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करेगी।

लोगों ने कहा, पुलिस के कारण हुई दुर्घटना, चलाई थी लाठी
लोगों का कहना था कि पुलिस के कारण ही दोनों बाइक सवार घायल हुए हैं। जबकि पुलिस का कहना था कि वे अपनी ड्यूटी कर रहे थे। कुछ लोगों ने बताया कि बाइक सवार पर पुलिस ने लाठी चला दी। इससे अनियंत्रित होकर बाइक सवार जख्मी हो गए। 

इस संबंध में खगड़िया के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि दारोगा और होमगार्ड जवान के साथ असामाजिक तत्वों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस अपनी ड्यूटी कर रही थी। पूरी मामले की जांच की जा रही है। मामला दर्ज किया जा रहा है। दोषियों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें