कटिहार: आपत्तिजनक हालत में मिले नाबालिग जोड़े की कराई शादी
कुरसेला के एक गांव में नाबालिग प्रेमी युगल की जबरन शादी कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने किशोर को आधा सिर मुंडवा दिया और प्रेमिका से शादी करवा दी। घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिससे बाल विवाह और नाबालिगों के अधिकारों पर चिंता जताई जा रही है। प्रशासन ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।

कुरसेला से मणिकांत रमन थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग प्रेमी युगल की ग्रामीणों द्वारा जबरन शादी कराए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप में तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि हिन्दुस्तान अखबार नहीं करता है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, किशोर अपनी नाबालिग प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और काफी देर तक हंगामा होता रहा। आक्रोशित ग्रामीणों ने किशोर का आधा सिर मुंडवा दिया और भीड़ के दबाव में किशोर से किशोरी की मांग में सिंदूर डलवाकर दोनों की शादी करा दी।
पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। लोगों के बीच बाल विवाह और नाबालिगों के साथ सार्वजनिक रूप से की गई इस तरह की कार्रवाई को लेकर चिंता जताई जा रही है। जानकारों का कहना है कि नाबालिगों की जबरन शादी कराना और इस प्रकार सामाजिक दंड देना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


