Bhagalpur News: निचले इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी, नगर निगम की ओर से व्यवस्थाएं नदारद
Bhagalpur News: गंगा का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसा पानी घुसने से

Bhagalpur News: भागलपुर, वरीय संवाददाता गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। बुधवार को ही सखीचंद घाट, गोलाघाट, विश्वविद्यालय क्षेत्र और प्रोफेसर कॉलोनी जैसे कई प्रमुख इलाकों में पानी घुस गया, जिससे स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के अधिकारी शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण करेंगे, ताकि राहत और बचाव के आवश्यक उपाय किए जा सकें।
घरों में घुसा पानी, पेयजल और स्वच्छता का संकट
गंगा तट से सटे मोहल्लों के दर्जनों घरों में पानी प्रवेश कर जाने से स्थानीय लोगों के सामने शुद्ध पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गोलाघाट और सखीचंद घाट क्षेत्र के निवासी मो. अरमान और राकेश यादव ने बताया कि बुधवार से ही जलस्तर बढ़ने के बावजूद गुरुवार तक निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई थी। इसी तरह विश्वविद्यालय व प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र के अलहम आफताब और फहद ने शिकायत की कि पानी भरने के बाद भी इलाके में अब तक न तो पेयजल का टैंकर पहुंचा है और ना ही छिड़काव की कोई व्यवस्था की गई है।
निगम की तैयारी: ब्लीचिंग छिड़काव, फॉगिंग और पेयजल आपूर्ति
स्थानीय लोगों की बढ़ती दिक्कतों के बाद निगम प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारियों के मुआयने के बाद प्रभावित इलाकों में विशेष इंतजाम लागू करने का दावा किया जा रहा है। निगम प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोकने के लिए ब्लीचिंग पाउडर और चूने के छिड़काव के साथ-साथ नियमित फॉगिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, जिन इलाकों में पेयजल स्रोत दूषित या जलमग्न हो चुके हैं, वहां नगर निगम के टैंकरों के जरिए शुद्ध पेयजल की आपूर्ति कराई जाएगी।
राहत शिविरों के लिए विभागीय आदेश का इंतजार
बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सामुदायिक किचन और राहत शिविर स्थापित करने को लेकर निगम प्रशासन का कहना है कि इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। आदेश मिलते ही विस्थापितों के लिए भोजन और शरण स्थलों का इंतजाम शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम के स्वास्थ्य शाखा प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार से हर हाल में इन इलाकों में साफ-सफाई, फॉगिंग और ब्लीचिंग-चूना छिड़काव का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन से निर्देश प्राप्त होने के बाद राहत शिविर भी लगाए जाएंगे।


