जीआर राशि की मांग को लेकर एनएच को चार घंटे किया जाम
संक्षेप: कहलगांव के भोलसर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों ने किया प्रदर्शन पीड़ितों ने जीआर राशि वितरण

कहलगांव प्रखंड के भोलसर पंचायत के बाढ़ पीड़ित ने जीआर राशि की मांग को लेकर पूर्व घोषणा के अनुसार गुरुवार की सुबह पकड़तल्ला गांव के समीप एनएच 80 को जाम कर दिया। भोलसर पंचायत के वार्ड नंबर एक से लेकर छह तक के सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीण बाढ़ पीड़ित जुट गए। जाम सुबह के नौ बजे से प्रारंभ होकर दिन के एक बजे तक चला। जाम में दोनों तरफ से सैकड़ों वाहनों की कतार लगी रही। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन और रसलपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह के समझाने और आश्वासन दिए जाने के बाद बाढ़ पीड़ित ने जाम समाप्त किया।
बाढ़ पीड़ितों का कहना था कि जीआर वितरण में भेदभाव किया गया है। बुधवार को हमलोग अंचल कार्यालय का घेराव कर रहे थे। जिस पर अंचलाधिकारी सुप्रिया ने बाढ़ पीड़ितों के साथ दुर्व्यवहार किया। इसके विरोध में हमलोगों के द्वारा आवेदन देकर बाढ़ राहत राशि नहीं मिलने पर एनएच 80 को जाम करने के लिए पत्र देकर सूचना दी थी। बाढ़ पीड़ित ने बताया कि हमलोगो के घर में अभी भी पानी भरा हुआ है, लेकिन अंचलाघिकारी ने कहा कि प्रमाण लाइये तभी आपका नाम जुड़ सकता है। हमलोगों को खाने का पैसा नहीं है तो हमलोग बाढ़ पीड़ित प्रमाण कहां से ला पाएंगे। अंचलाधिकारी का हमलोगों के साथ व्यवहार काफी अमर्यादित रहा है। जिसको लेकर हमलोग जाम कर अपनी मांग पूरी करने का प्रशासन से आग्रह कर रहे हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि डेढ़ घंटे तक समझाने बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया। भोलसर पंचायत के बाढ़ पीड़ितों से सूची मांगी गई है। सूची की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




