
बाढ़ पीड़ितों के लिए सीओ शुरू कराएंगे सामुदायिक रसोई : एसडीओ
जरूरत के हिसाब से नाव की व्यवस्था भी तय करेंगे अंचलाधिकारी भागलपुर, मुख्य संवाददाता।
भागलपुर, मुख्य संवाददाता। सदर एसडीओ ने अनुमंडल क्षेत्र में आई बाढ़ को देखते हुए सभी सीओ को प्रभावित इलाकों में पर्याप्त मात्रा में नाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र के सुल्तानगंज, अकबरनगर, नाथनगर, सदर क्षेत्र, सबौर आदि में गंगा के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी के बाद बाढ़ आ गई है। जिससे सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। इसको लेकर प्रभावित परिवारों की सुविधा के लिए सरकारी नावों का परिचालन अविलंब शुरू कराने को कहा गया है। एसडीओ ने बताया कि नाव का परवाना देने और नाव पर लाल झंडा लगाने का निर्देश दिया गया है।

बाढ़ प्रभावितों को नाव पर चढ़ाने के क्रम में यदि कोई नाविक पैसे मांगते हैं या लेने का दबाव बनाते हैं तो उनके खिलाफ आपदा एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। एसडीओ ने बताया कि प्रभावित परिवार जहां एकत्र होकर रह रहे हैं, वहां बुनियादी सुविधा बहाल किया जाए और अविलंब सामुदायिक रसोई का संचालन सरकारी नियमानुसार किया जाए। इधर, जिलाधिकारी के निर्देश पर पशुओं के लिए चारा, पानी, दवाई आदि की व्यवस्था करने का निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारियों को दिया गया है। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी ने गुरुवार शाम चर्च मैदान, महाशय ड्योढ़ी और टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में रह रहे पशुपालकों से बात की और पशुओं का सर्वेक्षण किया। डॉ. अंजली ने बताया कि यहां पशु चारा की व्यवस्था की जाएगी और पशुओं की चिकित्सा के लिए एक टीम तैनाती की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


