होली को लेकर निकाला गया फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
कहलगांव नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनुमंडल और पुलिस प्रशासन ने निकाला अधिकारियों ने लोगों

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से कहलगांव नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चन्द्र गुप्ता, कहलगांव एसडीपीओ-2 पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से किया। फ्लैग मार्च कहलगांव थाना परिसर से शुरू हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होकर स्टेशन चौक तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस बल ग्रामीण क्षेत्रों ओगरी, महेशामुंडा, लदमा, सत्कार चौक, खूटहरी, मूरकटिया चौक, नंदलालपुर एवं वनस्पति गांव होते हुए पुनः कहलगांव थाना पहुंचा, जहां फ्लैग मार्च का समापन हुआ।
इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल एवं सुरक्षा जवान मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की। अनुमंडल पदाधिकारी ने आमजनों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। वहीं पुलिस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में कहलगांव थानाध्यक्ष श्यामला कुमार, आंचल इंस्पेक्टर सुबोध राव और थाना के अन्य पदाधिकारी शामिल थे। वहीं घोघा थानाध्यक्ष अजीत कुमार, सनोखर थानाध्यक्ष पंकज किशोर और रसलपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



