
भागलपुर में चूल्हे की चिंगारी से लगी भीषण आग, एक ही परिवार के दो घर जलकर राख
शुक्रवार की रात एक हादसे में एक ही परिवार के दो घर आग की चपेट में आ गए। चुल्हे से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया।
भागलपुर में शुक्रवार की रात एक हादसे में एक ही परिवार के दो घर आग की चपेट में आ गए। चुल्हे से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया। पीड़ित गृहस्वामी चंदन कामती ने बताया कि उनकी मां रात का खाना बना रही थीं। इसी दौरान वे पानी लेने के लिए चापाकल पर चली गईं। तभी चुल्हे से निकली चिंगारी से घर में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक दोनों घर जल चुके थे। ग्रामीणों की तत्परता से अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। पीड़ित परिवार के अनुसार आग में जेवरात, फर्नीचर, कपड़े, बर्तन, अनाज, जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात तथा ट्रंक में रखे लगभग 75 हजार रुपये नकद जलकर नष्ट हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी करुण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली।
अंचलाधिकारी ने बताया कि आवेदन मिलते ही नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मौके पर मुखिया धीरेन्द्र महतो, पैक्स अध्यक्ष प्रिंस कुमार, सरपंच दीपक कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




