
एक दर्जन परिवारों के घर समेत 48 मवेशी जले
भवानीपुर के हरदीकोल गांव में बारात के दौरान आतिशबाजी से भीषण अगलगी हुई। आग ने 12 परिवारों के 15 घरों को जलाकर राख कर दिया और 48 मवेशियों की भी मौत हो गई। स्थानीय मुखिया ने पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी। घटना के बाद गांव में मातम और प्रशासन से राहत की मांग की जा रही है।
भवानीपुर, एक संवाददाता। प्रखंड के बड़हरी पंचायत के हरदीकोल गांव में गुरुवार की देर रात बारात के दौरान की आतिशबाजी से भीषण अगलगी की घटना सामने आई है। आतिशबाजी में पटाखे की चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें 12 परिवारों के 15 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घरों में रखा सभी जरूरी सामान के साथ 48 मवेशी भी आग की भेंट चढ़ गए। मिली जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिले के पुरैनी से बारात हरदीकोल पहुंची थी। बारातियों द्वारा की जा रही आतिशबाजी के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसने पूरे टोले में हड़कंप मचा दिया।

ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में सब कुछ स्वाहा हो गया। अगलगी की इस घटना में मंजू देवी, सुलेखा देवी, गुंजन देवी, मानकी देवी, रूबी देवी, सविता देवी, खुशबू देवी, सुदामा देवी, रंजो देवी, सुनीता देवी, पनिया देवी और अनीता देवी का घर जलकर राख हो गया। इस भीषण अगलगी में ग्रामीणों के 48 मवेशी की जलने से मौत हो गयी है। वहीं इस भीषण अगलगी में स्वयं सहायता समूह से मंजू देवी को आवंटित दुकान और दुकान में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया। अगलगी में लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है । घटना की जानकारी पाकर शुक्रवार को स्थानीय मुखिया अंजू कुमारी, बड़हरी स्टेट के शंभू कुमार, पैक्स अध्यक्ष अरविंद कुमार मंडल उर्फ माधो बाबू, तथा समाजसेवी शंकर पटेल सहित दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। वहीं बड़हरी पंचायत के राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार ने स्थल निरीक्षण कर घटना की जांच रिपोर्ट तैयार की। स्थानीय मुखिया अंजू कुमारी ने सभी पीड़ितों को तत्काल अपने स्तर से आर्थिक सहायता दी है। अगलगी की इस घटना के बाद से पूरे हरदीकोल गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण प्रशासन से तत्काल राहत, मुआवजा और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। गांव वालों ने रोककर रखा बारातियों को: बारात के दौरान आतिशबाजी से लगी आग से पीड़ित परिवारों में काफी ज्यादा आक्रोश उत्पन हो गया । जिसके बाद आक्रोशितों ने शुक्रवार को दिनभर पुरैनी से पहुंचे बारातियों को रोक लिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा काफी समझाने के बाद सभी आक्रोशित माने और बारात को घर जाने दिया । इस दौरान हरदीकोल में आपसी तनाव की स्थिति पैदा हो गयी थी। परंतु स्थानीय जनप्रतिनिधियो के द्वारा काफी समझाने के बाद माहौल शांत हुआ और सभी बाराती अपने घर जा सके ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




