अररिया : आग लगने से पांच परिवार के नौ घर जलकर राख, लाखों का नुकसान
कुर्साकांटा के सौरगांव वार्ड संख्या तीन में शुक्रवार रात आग लगने से पांच परिवारों के नौ घर जलकर राख हो गए। इस घटना में लगभग एक लाख रुपए की नगदी, अनाज, बर्तन, कपड़े और मवेशी जलकर नष्ट हो गए। अग्निपीड़ितों ने 20 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया है।

कुर्साकांटा । निज प्रतिनिधि कुर्साकांटा प्रखंड के सौरगांव वार्ड संख्या तीन में शुक्रवार की देर रात आग लगने से पांच परिवार के नौ घर जलकर राख हो गये। अगलगी की इस घटना में नगदी एक लाख के अलावा अनाज, बर्तन, कपड़ा, बाइक, आवश्यक कागजात जलकर खाक हो गये। कई मवेशियों की भी झुलसकर मौत हो गयी। अग्निपीड़ितों के मुताबिक करीब 20 लाख रुपए के नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों व दमकल की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। अग्निपीड़ितों में रुपा देवी पति शोभानन्द सरदार, मुन्नी देवी पति सिलानन्द सरदार, प्रियंका देवी पति हरि नारायण सरदार, रिता देवी पति दिलीप खां व आशा देवी पति रामू खां शामिल हैं।
अग्निपीड़ितों ने बताया कि खाना खाने के बाद वे लोग अपने अपने कमरे में सोने चले गए थे। देर रात्रि हल्ला होने पर नींद खुली तो देखा कि घर में चारों ओर से आग पकड़ लिया है। वे लोग बड़ी मुश्किल से बच्चों को लेकर बाहर निकल सके। इस बीच किसी ने सोनामणि गोदाम थाना को सूचना दी। सूचना पर अग्निशामक पहुंची। फिर अग्निशामक व ग्रामीणों के सहयोग से बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका। इस बीच सारा सामान जलकर राख हो गया। कुछ भी सामान नहीं बचाया जा सका है। मुखिया चन्द्रानन्द मंडल व पूर्व मुखिया मनोज सिंह ने डीएम से अग्निपीड़ित परिवारों को इंदिरा आवास देने की मांग की है। इधर सीओ आलोक कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को घटना स्थल पर भेजा गया है। जांच प्रतिवेदन के अनुसार पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत निर्धारित राशि उनके खाते में हस्तानांतरित की जाएगी। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को प्लास्टिक भी उपलब्ध कराई जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


