ऊंचे दाम पर केमिकल खरीदारी और बेतहाशा खपत पर नगर आयुक्त ने किया शोकॉज
भागलपुर नगर निगम के वॉटर वर्क्स में वित्तीय अनियमितताओं और रसायनों की संदिग्ध खपत का मामला सामने आया है। नगर आयुक्त ने रसायनों की खरीद और उपयोग में विसंगति पाई है। उन्होंने जलकल अधीक्षक से 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है। इस कार्रवाई ने निगम में हड़कंप मचा दिया है।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। नगर निगम के वॉटर वर्क्स में वित्तीय अनियमितता और रसायनों की संदिग्ध खपत का बड़ा मामला सामने आया है। नगर आयुक्त ने जल शुद्धिकरण के लिए खरीदे जाने वाले रसायनों के दामों और उनकी खपत में भारी विसंगति पाई है, और संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने पाया कि बरारी वॉटर वर्क्स के लिए चूना, ब्लीचिंग पाउडर, एलम फेरिक और सोडियम हाईपोक्लोराईट की खरीदारी वर्तमान बाजार दर से काफी ऊंचे दामों पर की जा रही है। इस सीधे वित्तीय नुकसान के लिए उन्होंने जलकल अधीक्षक और सहायक जलकल अधीक्षक को जिम्मेदार ठहराते हुए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
उन्होंने सख्त लहजे में पूछा है कि वरीय पदाधिकारी होने के बावजूद उनके रहते बाजार दर से महंगी खरीदारी कैसे हुई, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। सिर्फ खरीदारी ही नहीं बल्कि रसायनों के उपयोग पर भी सवाल खड़े हुए हैं। नगर आयुक्त ने संचिकाओं के अवलोकन में पाया कि पूर्व के महीनों की तुलना में नवंबर और दिसंबर माह में रसायनों की खपत अचानक और अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई। इस मामले में फिल्टर चार्ज मैन इन्द्रेव यादव से दो दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है कि किस परिस्थिति में रसायनों का इतना अधिक उपयोग दिखाया गया। नगर आयुक्त की इस कार्रवाई ने निगम के जलकल विभाग में खलबली मचा दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


